ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

किराना दुकान में भीषण आग, छत से कूदकर तीन लोगों ने बचाई जान

दुर्ग। दुर्ग जिले के भिलाई स्थित वैशाली नगर थाना क्षेत्र के श्रीराम मार्केट में सोमवार को एक किराना दुकान में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान की पहली मंजिल पर मौजूद तीन लोगों को अपनी जान बचाने के लिए छत से कूदना पड़ा। हादसे में दो युवक मामूली रूप से झुलस गए, जबकि दुकान और गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।

जानकारी के अनुसार, श्रीराम मार्केट स्थित राजेश किराना दुकान में अचानक आग भड़क उठी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक दुकान में बिक्री के लिए पेट्रोल भी रखा हुआ था। आशंका है कि इसी वजह से आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी दुकान के साथ गोदाम तक फैल गई। आग की तेज लपटों और धुएं के कारण आसपास के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।

आग लगने के समय पहली मंजिल पर तीन लोग मौजूद थे। जब धुआं तेजी से भरने लगा और नीचे निकलने का रास्ता बंद हो गया, तब उन्होंने छत से छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। इस दौरान दो युवक हल्के रूप से झुलस गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सुरक्षित बताया गया।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद दमकल की गाड़ियां करीब आधे घंटे तक मौके पर नहीं पहुंचीं। इस बीच आसपास के लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना के बाद बाजार क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। दुकान में रखा किराना सामान, अन्य सामग्री और गोदाम का अधिकांश हिस्सा जलकर नष्ट हो गया। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। वैशाली नगर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि दुकान में पेट्रोल रखने के पीछे क्या कारण था और सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।

Related Articles

Back to top button