StateNewsदेश - विदेशमनोरंजन

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के बाद तस्वीरें आईं सामने, बांह-सीने पर पट्टी बंधी दिखी

दो हमलावरों की तस्वीर सामने आई, अंधेरी स्टेशन के बाहर मिली वारदात में इस्तेमाल बाइक; लॉरेंस गैंग के अनिल पंडित ने ली जिम्मेदारी

मुंबई। बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में जांच तेज हो गई है। घटना के बाद एक्टर की तस्वीरें सामने आई हैं, जिनमें उनकी बांह और सीने पर पट्टियां बंधी दिखाई दे रही हैं। वहीं, फायरिंग करने वाले दो संदिग्धों की तस्वीर भी सामने आई है। पुलिस ने मामले में तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की है। वारदात में इस्तेमाल बाइक अंधेरी वेस्ट रेलवे स्टेशन के बाहर से बरामद की गई है।

जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ की कार पर पांच राउंड फायरिंग की गई थी। घटना के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, वे बाइक को अंधेरी वेस्ट रेलवे स्टेशन के बाहर छोड़कर भाग निकले। जांच के दौरान पुलिस को दो संदिग्धों की तस्वीर मिली है। इसमें दोनों युवक सफेद शर्ट पहने दिखाई दे रहे हैं। उनमें से एक ने काली कैप लगा रखी है। हालांकि, यह तस्वीर कब और कहां की है, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

ड्राइवर को लगी गोली, एक अन्य घायल

फायरिंग की घटना में टाइगर श्रॉफ के ड्राइवर फिरदौस को गोली लगी है। उमेश चव्हाण नाम का एक अन्य व्यक्ति भी घायल हुआ है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। देर रात महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे टाइगर श्रॉफ से मिलने पहुंचे। उन्होंने बताया कि एक्टर के हाथ में बारूद और कांच के टुकड़ों से चोट आई है।

लॉरेंस गैंग के नाम से जिम्मेदारी का दावा

इस मामले में लॉरेंस गैंग के अनिल पंडित ने फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस संदिग्धों की पहचान करने और घटना के पीछे की वजह पता लगाने में जुटी है। आरोपियों की तलाश के लिए जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button