फ्लोर स्प्रिंग के अंदर छिपाकर लाया 4 करोड़ का सोना, दिल्ली एयरपोर्ट पर पकड़ा गया यात्री

दुबई से आया था भारतीय नागरिक, कस्टम अधिकारियों ने 3.2 किलो सोना किया जब्त; कस्टम्स एक्ट के तहत केस दर्ज
नई दिल्ली। दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने सोने की तस्करी का मामला पकड़ा है। दुबई से आए एक भारतीय यात्री के सामान की तलाशी में 3.2 किलो सोना बरामद किया गया। इसकी कीमत करीब 4.03 करोड़ रुपए आंकी गई है। यात्री 19 अक्टूबर को दिल्ली पहुंचा था। कस्टम अधिकारियों ने प्रोफाइलिंग के आधार पर उसे रोका था।
अधिकारियों के मुताबिक, यात्री की गतिविधियों और प्रोफाइल के आधार पर संदेह होने पर उसकी जांच की गई। सामान की तलाशी के दौरान एक फ्लोर स्प्रिंग के अंदर छिपाकर रखी गई सोने की छड़ें मिलीं। सोने को इस तरह छिपाया गया था कि सामान्य जांच में आसानी से उसका पता नहीं चल सके।
मैकेनिकल उपकरण के अंदर छिपाया था सोना
फ्लोर स्प्रिंग दरवाजे को अपने आप बंद करने वाला एक मैकेनिकल उपकरण होता है। इसे आमतौर पर फर्श के नीचे लगाया जाता है। तस्करी के इस मामले में इसी उपकरण के अंदर सोने की छड़ें छिपाकर लाई गई थीं। कस्टम अधिकारियों ने सोना जब्त कर लिया है और यात्री से पूछताछ की जा रही है।
कस्टम्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
कस्टम विभाग ने इस मामले में कस्टम्स एक्ट, 1962 के तहत केस दर्ज किया है। अधिकारियों के अनुसार, सोने की बरामदगी और उसे भारत लाने के पीछे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यात्री सोना किसके लिए लेकर आया था और क्या इस मामले के पीछे कोई संगठित तस्करी नेटवर्क सक्रिय है। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही सोने की तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा हो सकेगा।





