ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

राष्ट्रपति के दौरे से रायपुर में ट्रैफिक बदलेगा, 11 से ज्यादा सड़कें रहेंगी बंद

22 अक्टूबर को आएंगी द्रौपदी मुर्मू, सुरक्षा में 2 हजार से ज्यादा जवान तैनात; शंकर नगर, सिविल लाइंस और बूढ़ापारा में बढ़ेगी परेशानी

रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 22 अक्टूबर को रायपुर प्रवास को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जा रही है। उनके दौरे के दौरान लोकभवन के आसपास 11 से ज्यादा सड़कों पर दो दिन तक यातायात प्रतिबंधित रहेगा। काफिले की आवाजाही के समय प्रमुख मार्गों पर करीब आधे घंटे तक ट्रैफिक रोका जाएगा। इससे शहर के हजारों लोगों को परेशानी हो सकती है। प्रशासन ने सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग और बांस लगाने की तैयारी की है।

राष्ट्रपति 22 अक्टूबर को माना एयरपोर्ट से लोकभवन पहुंचेंगी। इसके बाद बूढ़ापारा स्थित इनडोर स्टेडियम में कार्यक्रम में शामिल होंगी और रात में लोकभवन में विश्राम करेंगी। अगले दिन सुबह बस्तर जाएंगी। वहां से शाम को रायपुर लौटने के बाद दिल्ली रवाना होंगी। उनके दौरे को देखते हुए 2,000 से ज्यादा पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी। आईजी, डीआईजी समेत विभिन्न रैंक के अधिकारी और दूसरे शहरों से बुलाया गया पुलिस बल भी सुरक्षा व्यवस्था संभालेगा।

इन इलाकों में ट्रैफिक का दबाव बढ़ेगा

शंकर नगर, सिविल लाइंस और बूढ़ापारा में यातायात प्रभावित होने की आशंका है। राष्ट्रपति का काफिला गुजरने के दौरान प्रमुख चौराहों पर वाहनों को रोककर सुरक्षित मार्ग उपलब्ध कराया जाएगा। ऐसे में इन इलाकों से गुजरने वाले लोगों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने की जरूरत होगी।

इन रास्तों पर रहेगा प्रतिबंध

पुराना पुलिस मुख्यालय से राजभवन चौक तक आवाजाही बंद रहेगी। इस दौरान वाहन कलेक्टोरेट चौक की ओर से आ-जा सकेंगे। एलआईसी ऑफिस से सिविल लाइंस रोड पर भी प्रतिबंध रहेगा, जिसके लिए आयकर भवन के पास से वैकल्पिक रास्ता दिया जाएगा।

इनडोर स्टेडियम जाते समय राजभवन चौक से सप्रे शाला मार्ग पर काली माता मंदिर और महिला थाना की ओर यातायात रोका जाएगा। वापसी में बूढ़ेश्वर चौक से राजभवन चौक के बीच महिला थाना और ओसीएम चौक की ओर आवाजाही प्रभावित होगी।

माना एयरपोर्ट से लोकभवन तक वीआईपी रोड, एक्सप्रेस-वे, शंकर नगर ब्रिज और एसआरपी चौक के रास्ते काफिले की आवाजाही के दौरान ट्रैफिक रोका जाएगा। वापसी में भी इन्हीं प्रमुख मार्गों पर प्रतिबंध रहेगा। वाहन चालकों को सलाह है कि यात्रा से पहले वैकल्पिक रास्तों की जानकारी लेकर निकलें।

Related Articles

Back to top button