
कोरबा। कटघोरा वन मंडल के राहा जंगल में तेंदुए का शव मिला है। जिसके बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया है। सूचना पर वन विभाग की टीम के साथ रायपुर से डॉग स्क्वॉड की टीम भी जांच के लिए मौके पर पहुंची। जहर देकर मारने की आशंका जताई जा रही है। तेंदुए के नाखून, दांत और कई अंग गायब है। मामला कटघोरा वनमंडल के चैतमा रेंज का है।
जानकारी के मुताबिक आज सुबह वन विभाग को जंगल में तेंदुए के शव मिलने की सूचना मिली। सूचना पर तत्काल वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। साथ ही मुख्य वन संरक्षक बिलासपुर प्रभात मिश्रा, डीएफओ कुमार निशांत, एसडीओ चंद्रकांत टिकरिया भी मौके पर पहुंचे। शुरूआती जांच में जहर देकर मारने की आशंका जताई जा रही है। वहीं वन विभाग शिकारियों की पतासाजी में जुट गई है। आपको बता दें कि एक दिन पहले ही पटपरा के मोहल्ला डाहीडुग्गू निवासी सीताराम यादव के चार बकरियों का शिकार करने की घटना सामने आई थी।