StateNewsदेश - विदेश

पश्चिम बंगाल में 9 मई को नई सरकार का शपथग्रहण: सुवेंदु आज विधायकों संग दिल्ली जाएंगे, ममता की शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस

दिल्ली। पांच राज्यों पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजे सामने आने के बाद सियासी तस्वीर पूरी तरह बदल गई है। सबसे बड़ा उलटफेर बंगाल में देखने को मिला, जहां पहली बार भाजपा सरकार बनने जा रही है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य के मुताबिक नई सरकार का शपथग्रहण 9 मई को होगा। खास बात यह है कि इसी दिन रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती भी है। हालांकि मुख्यमंत्री कौन होगा और समारोह में कौन-कौन शामिल होगा, इसे लेकर अभी सस्पेंस बना हुआ है।

इधर, भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी आज नवनिर्वाचित विधायकों के साथ दिल्ली जाएंगे। वहां वे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर सरकार गठन पर चर्चा करेंगे।

दूसरी ओर, मौजूदा मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आज शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगी। भवानीपुर सीट से हार के बाद ममता ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया था कि निर्वाचन में गड़बड़ी हुई है और कई सीटों पर धांधली की गई।

भवानीपुर सीट से सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को हराकर बड़ी जीत दर्ज की है, जो इस चुनाव का सबसे चर्चित मुकाबला रहा।

अन्य राज्यों की बात करें तो असम में हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में भाजपा लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटी है। वहीं केरल में कांग्रेस को जीत मिली है, जबकि तमिलनाडु में अभिनेता विजय की पार्टी TVK ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सबसे बड़ी पार्टी का दर्जा हासिल किया।

इन नतीजों के बाद देश की करीब 78% आबादी और 72% भूभाग पर भाजपा+ गठबंधन का प्रभाव बढ़ गया है। राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, इन परिणामों ने विपक्षी दलों के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है, जहां अब उनकी लड़ाई सत्ता से ज्यादा अपनी प्रासंगिकता बचाने की बनती दिख रही है।

Related Articles

Back to top button