यूपी-बिहार में आंधी-बिजली का कहर: 24 घंटे में 31 मौतें, हरियाणा में 15 हजार पेड़ उखड़े; राजस्थान में पारा 8°C गिरा

दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राजस्थान के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में बने चक्रवाती सिस्टम और दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश से तमिलनाडु तक सक्रिय ट्रफ लाइन के कारण उत्तर, मध्य और दक्षिण भारत में तेज आंधी और बारिश का दौर जारी है।
पिछले 24 घंटे में बिहार और यूपी में आंधी-तूफान और बिजली गिरने से बड़ा नुकसान हुआ है। यूपी में 8 लोगों की मौत हुई, जबकि बिहार में 7 बच्चों समेत 23 लोगों की जान चली गई। कई लोग झुलस गए हैं। पीलीभीत में ईंट-भट्ठे की 100 फीट ऊंची चिमनी ढह गई, वहीं गाजीपुर में कच्चे मकान की दीवार गिरने से हादसा हुआ।
बिहार के 22 जिलों में तेज आंधी और बारिश दर्ज की गई, जबकि आज भी 18 जिलों में भारी बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
इस बीच हरियाणा में तूफान ने भारी तबाही मचाई है। तेज हवाओं के कारण 15 हजार से ज्यादा पेड़ उखड़ गए, जिससे कई इलाकों में बिजली और यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई है।
राजस्थान में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। आंधी और बारिश के चलते तापमान में 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई। जयपुर समेत कई शहरों में अधिकतम तापमान 35°C से नीचे पहुंच गया।
पहाड़ी राज्यों में भी मौसम का असर दिख रहा है। हिमाचल प्रदेश के सोलन में तापमान 4.8°C तक पहुंच गया, जो मई महीने का अब तक का सबसे कम स्तर है। वहीं उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हुई है।





