दिल्ली में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत: 3 घंटे पहले मां से की थी बात, परिवार बोला- आत्महत्या नहीं, हत्या हुई है

दिल्ली। राजधानी दिल्ली के लोधी कॉलोनी इलाके में 28 वर्षीय नवविवाहिता आकृति सुतार की संदिग्ध परिस्थितियों में तीसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। पुलिस शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या का मामला मानकर जांच कर रही है, लेकिन मृतका के परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए पति और ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं।
परिजनों के अनुसार, घटना वाले दिन आकृति सामान्य दिनचर्या में थीं। वह अपनी निजी कंपनी के ऑफिस गईं और सहकर्मियों के लिए छोटी-सी पार्टी भी रखी थी। शाम करीब 6 बजे उन्होंने अपनी मां से फोन पर बात की और घर लौटने की जानकारी दी। परिवार का कहना है कि बातचीत के दौरान वह पूरी तरह सामान्य थीं। ऐसे में महज तीन घंटे बाद उनके आत्महत्या करने की बात पर विश्वास करना मुश्किल है।
आकृति की शादी इसी वर्ष 24 अप्रैल को अरस्तु सिक्का से हुई थी। शादी को अभी ढाई महीने ही हुए थे। परिजनों का आरोप है कि विवाह के बाद से ही दहेज को लेकर उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा था और पति मारपीट भी करता था। उनका कहना है कि घटना को आत्महत्या का रूप देकर आरोपियों को बचाने की कोशिश की जा रही है।
परिवार के मुताबिक, रात करीब 8 बजे पति ने फोन कर बताया कि आकृति लापता हैं। इसके करीब 90 मिनट बाद पुलिस ने पालिका कुंज के पास एक महिला का शव मिलने की सूचना दी, जिसकी पहचान आकृति के रूप में हुई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के साक्ष्य, कॉल रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और परिजनों के आरोपों के आधार पर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले जांच पूरी होने का इंतजार करने की बात कही है।





