ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

पहाड़ी कोरवा सुखनी को पीएम-जनमन से मिला पक्का मकान: महतारी वंदन के 1 हजार रुपए से घरेलू जरूरतें हो रहीं पूरी

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के दूरस्थ वनांचल में रहने वाली पहाड़ी कोरवा जनजाति की सुखनी के परिवार की जिंदगी में सरकारी योजनाओं से बदलाव आया है।

कभी मिट्टी के कच्चे मकान में रहने वाला उनका पांच सदस्यीय परिवार अब पक्के घर में रह रहा है। प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) के तहत आवास मिलने से उनका वर्षों पुराना सुरक्षित घर का सपना पूरा हुआ है।

वहीं महतारी वंदन योजना से हर महीने मिलने वाली एक हजार रुपए की सहायता से घरेलू जरूरतें पूरी करने में मदद मिल रही है।

बरसात में कच्चे मकान में होती थी परेशानी

सुखनी सरगुजा जिले की ग्राम पंचायत खाला के आश्रित ग्राम कुबेरपुर की निवासी हैं। उन्होंने बताया कि पहले उनका परिवार मिट्टी के कच्चे मकान में रहता था। बरसात और मौसम बदलने के दौरान घर में रहना मुश्किल हो जाता था।

आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि परिवार खुद पक्का मकान बनवा सके। पीएम-जनमन योजना के तहत आवास मिलने से अब परिवार को सुरक्षित छत मिली है। कच्चे मकान की परेशानियों से छुटकारा मिलने पर परिवार खुश है।

हर महीने खाते में आ रहे 1 हजार रुपए

सुखनी को महतारी वंदन योजना का भी लाभ मिल रहा है। उनके बैंक खाते में हर महीने एक हजार रुपए की राशि आती है। इस पैसे से वे तेल, साबुन, हल्दी-मसाले और घर की दूसरी जरूरी चीजें खरीदती हैं। नियमित आर्थिक सहायता से छोटी-छोटी जरूरतों के लिए परिवार पर निर्भरता कम हुई है।

योजनाओं से मिल रहा सहारा

सुखनी ने पक्का आवास उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया। उनका कहना है कि पहले कच्चे मकान में परिवार को काफी दिक्कत होती थी, लेकिन अब पक्के घर में सभी सुरक्षित हैं।

पीएम-जनमन के जरिए विशेष पिछड़ी जनजाति परिवारों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने और महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक सहायता देने का प्रयास किया जा रहा है। सुखनी का परिवार इन योजनाओं से लाभ पाने वाले परिवारों में शामिल है।

Related Articles

Back to top button