ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में गन्ना किसानों को 51 करोड़ का बोनस, गणना की दर 355 से बढ़ाकर 425 रुपए की

कवर्धा के 14,961 किसानों को मिलेंगे 24.55 करोड़ रुपए, प्रदेश के 31 हजार से ज्यादा किसानों को होगा फायदा

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने गन्ना किसानों को आर्थिक राहत देने के लिए बोनस गणना का आधार 355 रुपए से बढ़ाकर 425 रुपए प्रति क्विंटल कर दिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के विशेष प्रयासों से लिए गए इस निर्णय का लाभ पेराई सत्र 2025-26 के गन्ना उत्पादकों को मिलेगा। प्रदेश के चार सहकारी शक्कर कारखानों में गन्ना बेचने वाले 31,022 किसानों को करीब 51.09 करोड़ रुपए का बोनस मिलेगा।

सरकार के इस फैसले से नवरात्रि से पहले किसानों को आर्थिक संबल मिलेगा। बढ़ी हुई बोनस राशि से किसान खेती की लागत चुकाने, कृषि कार्य समय पर कराने और अगली फसल की तैयारी करने में मदद ले सकेंगे।

कवर्धा के किसानों को 24.55 करोड़ रुपए

भोरमदेव सहकारी शक्कर उत्पादक कारखाना मर्यादित, राम्हेपुर (कवर्धा) में पेराई सत्र 2025-26 के दौरान 25,58,188 क्विंटल गन्ने की पेराई हुई। इस कारखाने को गन्ना बेचने वाले 14,961 किसानों को करीब 24.55 करोड़ रुपए बोनस के रूप में मिलेंगे।

बोनस की गणना के लिए उचित एवं लाभकारी मूल्य (एफआरपी) 329.05 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। सरकार की ओर से तय 425 रुपए प्रति क्विंटल के आधार में से एफआरपी घटाने पर किसानों को 95.95 रुपए प्रति क्विंटल की दर से बोनस मिलेगा।

चार कारखानों के किसानों को फायदा

प्रदेश के चारों सहकारी शक्कर कारखानों में कुल 53,25,120 क्विंटल गन्ने की पेराई हुई है। इस आधार पर किसानों को करीब 51.09 करोड़ रुपए बोनस के रूप में दिए जाएंगे। सरकार के निर्णय से कबीरधाम जिले सहित प्रदेश के गन्ना उत्पादक किसानों में खुशी है। किसानों ने बोनस गणना का आधार बढ़ाने के फैसले के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रति आभार जताया है।

Related Articles

Back to top button