राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 22-23 अक्टूबर को आएंगी छत्तीसगढ़, तैयारियों की समीक्षा

लोकभवन में बैठक, सुरक्षा से लेकर चिकित्सा और पार्किंग व्यवस्था समय पर पूरी करने के निर्देश
रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 22 और 23 अक्टूबर को प्रस्तावित छत्तीसगढ़ प्रवास को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। राष्ट्रपति के दौरे के दौरान लोकभवन में होने वाली व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए सोमवार को बैठक आयोजित की गई। राज्यपाल के सचिव डॉ. सीआर प्रसन्ना की अध्यक्षता में हुई बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान लोकभवन परिसर में बैठक व्यवस्था, पार्किंग, बिजली और इंटरनेट की निर्बाध उपलब्धता सहित विभिन्न तैयारियों पर चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी व्यवस्थाएं व्यवस्थित और सुचारु रहें, ताकि प्रवास के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
सुरक्षा और चिकित्सा व्यवस्था पर जोर
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए सुरक्षा प्रबंधों और चिकित्सा सुविधाओं की समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ प्रोटोकॉल के अनुरूप वाहनों की व्यवस्था समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए। बिजली और इंटरनेट जैसी जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का समय पर निर्वहन करने को कहा गया, ताकि राष्ट्रपति के प्रवास से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार पूरी हो सकें।
कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में जनसंपर्क विभाग के संचालक आशीष कुमार टिकरिहा, रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला सहित जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम रायपुर, सामान्य प्रशासन विभाग और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। राष्ट्रपति का छत्तीसगढ़ प्रवास 22 और 23 अक्टूबर को प्रस्तावित है। इसे लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों की समीक्षा की जा रही है।





