रायपुर में 16 अक्टूबर से भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 सीरीज, स्मृति मंधाना पहली बार फुल टाइम कप्तान

तीनों मैच नवा रायपुर में शाम 7 बजे से होंगे; ई-टिकट, पार्किंग, सुरक्षा और मेडिकल सुविधाओं की तैयारी
रायपुर। भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज का रोमांच रायपुर में शुरू होने जा रहा है। भारतीय टीम की कप्तान स्मृति मंधाना और उनके साथी खिलाड़ी रविवार शाम रायपुर पहुंचे। वहीं, जिम्बाब्वे की टीम सोमवार को रायपुर पहुंची। अब दोनों टीमें अभ्यास करेंगी। सीरीज के तीनों मुकाबले नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे।
सीरीज का पहला मैच 16 अक्टूबर, दूसरा 18 अक्टूबर और तीसरा मुकाबला 20 अक्टूबर को होगा। सभी मैच शाम 7 बजे से शुरू होंगे। इससे स्थानीय क्रिकेट प्रशंसकों को छह दिनों के भीतर तीन अंतरराष्ट्रीय मुकाबले देखने का मौका मिलेगा।
पहली बार फुल टाइम कप्तान होंगी स्मृति मंधाना
इस सीरीज में स्मृति मंधाना पहली बार फुल टाइम कप्तान के रूप में भारतीय टीम की कमान संभालेंगी। शेफाली वर्मा को उपकप्तान बनाया गया है, जबकि पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर भी टीम में शामिल हैं। 15 सदस्यीय टीम में ऋचा घोष, जी. कमलिनी, दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, श्री चरणी, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, जिन्तिमणि कलिता और मिन्नू मणि भी शामिल हैं।
कलेक्टर की अध्यक्षता में बनी सपोर्ट कमेटी
मैचों की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक हुई। इसके बाद रायपुर कलेक्टर की अध्यक्षता में लोकल सपोर्ट कमेटी बनाई गई है। इसमें पुलिस, खेल विभाग, परिवहन, पीडब्ल्यूडी, एनआरडीए और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के अधिकारी शामिल हैं।
ई-टिकट से एंट्री, सुरक्षा के लिए CCTV
दर्शकों को ऑनलाइन टिकट उपलब्ध होंगे। ई-टिकट स्कैनिंग के लिए स्टेडियम परिसर में ओपन वाई-फाई की सुविधा रहेगी। टिकट के साथ निर्धारित संख्या में पार्किंग पास दिए जाएंगे। स्टेडियम और पार्किंग क्षेत्र में CCTV कैमरे लगाए जाएंगे। खाने-पीने की चीजों और पेयजल की व्यवस्था भी की जाएगी।
एम्बुलेंस और ग्रीन कॉरिडोर की तैयारी
स्वास्थ्य विभाग आसपास के अस्पतालों की मैपिंग करेगा। स्टेडियम में एम्बुलेंस तैनात रहेगी। आपात स्थिति और वीआईपी आवाजाही के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया जाएगा। फायर ब्रिगेड, बिजली, मोबाइल नेटवर्क, पानी और इमरजेंसी रूट की व्यवस्था की जिम्मेदारी संबंधित विभागों को दी गई है।
इस सीरीज के आयोजन के लिए नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) की अनुमति भी जरूरी थी। 2 जुलाई 2026 को जारी अंतरिम आदेश के बाद रायपुर में मैच कराने के लिए अनुमति मांगी गई थी। सुनवाई के बाद NGT ने तीन मैचों के आयोजन पर लगी रोक हटा दी।





