महादेव सट्टा एप की बुक-पैनल संभालने वाला अभिषेक गिरफ्तार: दुबई में रियल एस्टेट और क्लब कारोबार, CBI ने रायपुर लाया

रायपुर। महादेव सट्टा एप मामले में CBI ने दुबई में रह रहे भिलाई निवासी अभिषेक कुमार को गिरफ्तार किया है। उसे हैदराबाद से पकड़ने के बाद रायपुर लाया गया है। जांच एजेंसियों के मुताबिक अभिषेक 2019 से दुबई में रह रहा था और सट्टा नेटवर्क के साथ-साथ हवाला के जरिए रकम भेजने के काम से भी जुड़ा था।
जांच एजेंसियों के अनुसार, अभिषेक महादेव सट्टा एप की कई बड़ी बुक और उनके पैनल का संचालन देखता था। सट्टा नेटवर्क से जुड़ने के बाद उसने दुबई में रियल एस्टेट कारोबार शुरू किया और एक क्लब भी खोला। आरोप है कि भारत में हवाला के जरिए रकम पहुंचाने की जिम्मेदारी भी उसके पास थी।
बताया गया है कि वह सौरभ चंद्राकर, शुभम सोनी और रोहित तिर्की के संपर्क में था। करीब चार साल पहले शादी के बाद वह पत्नी और दो बच्चों के साथ दुबई के विला नंबर-13 में रहने लगा था। अभिषेक मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है।
300 करोड़ की संपत्ति होने का दावा
जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, दुबई में अभिषेक के पास करीब 300 करोड़ रुपए की संपत्ति होने का दावा है। हाल ही में वह नेपाल के रास्ते भिलाई पहुंचा था। यहां सिकंदर नाम के सटोरिए ने उसके लिए पार्टी आयोजित की थी। इसके बाद अभिषेक सिकंदर के साथ हैदराबाद गया। वापसी के दौरान CBI ने उसे हैदराबाद एयरपोर्ट पर हिरासत में लिया और बाद में गिरफ्तार कर लिया।
श्रीलंका में 150 लोग हाउस अरेस्ट
हाल में श्रीलंका पुलिस की कार्रवाई में महादेव सट्टा एप के पैनल चलाने वाले कई लोगों को पकड़ा गया था। इनमें सिकंदर के लिए काम करने वाले करीब 150 लोगों के शामिल होने की बात सामने आई है। ये लोग श्रीलंका में हाउस अरेस्ट बताए जा रहे हैं। वहीं, महादेव एप का प्रमुख आरोपी सौरभ चंद्राकर ओमान में हिरासत में है। उसके सहयोगी रवि समेत कई अन्य लोगों के दुबई की जेल में होने की जानकारी है।
भिलाई से युवाओं को दुबई भेजने का आरोप
जांच में यह भी सामने आया है कि दुबई में बसने के बाद अभिषेक ने खुर्सीपार और आसपास के युवकों को वहां बुलाकर सट्टा पैनल के काम में लगाया। करीब दो साल पहले दुर्ग-भिलाई से 300 से ज्यादा युवक-युवतियों के सट्टा नेटवर्क के लिए दुबई जाने की जानकारी सामने आई थी। एजेंसियां अब अभिषेक के नेटवर्क, संपत्तियों और हवाला लेनदेन की भी जांच कर रही हैं।





