सिया-चेतन ने गूगल पर रची थी हत्या की साजिश: ‘डेथ पॉइंट’ से लेकर पुलिस से बचने तक सब किया सर्च, लोहगढ़ किले पर रीक्रिएट हुआ क्राइम सीन

पुणे। पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में पुलिस जांच में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं।
जांच के मुताबिक आरोपी सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने हत्या से पहले गूगल पर लोहगढ़ किले के “डेथ पॉइंट”, खाइयों तक पहुंचने का रास्ता और ऐसे स्थानों की जानकारी जुटाई थी, जहां धक्का देने पर मौत निश्चित हो सकती थी।
पुलिस का दावा है कि दोनों ने यह भी सर्च किया कि जहर देकर हत्या कैसे की जाए, ताकि पुलिस को शक न हो और पूछताछ के दौरान क्या जवाब देना चाहिए।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने हत्या से पहले और बाद में मोबाइल से कई चैट और व्हाट्सएप संदेश डिलीट किए। चेतन ने वारदात वाले दिन अपनी लोकेशन छिपाने के लिए अपना मोबाइल एक दुकान पर छोड़ दिया और दूसरे फोन का इस्तेमाल किया। अब डिलीट डेटा और चैट हिस्ट्री की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है।
रविवार को पुलिस दोनों आरोपियों को लेकर लोहगढ़ किले पहुंची, जहां हत्या की पूरी घटना का क्राइम सीन रीक्रिएट किया गया।
वहीं, चेतन की बाइक, हुडी, हेडफोन और अन्य सामान भी जब्त कर जांच के लिए भेजा गया है। दूसरी ओर, पुलिस ने सिया के माता-पिता और भाई से भी लंबी पूछताछ की है।
जांच में सामने आया है कि सिया और चेतन की मुलाकात एक क्रिकेट मैच के दौरान हुई थी और दोनों लंबे समय से संपर्क में थे। कॉल रिकॉर्ड के मुताबिक, हत्या से पहले दोनों के बीच हजारों बार बातचीत हुई थी।
इधर, केतन अग्रवाल के परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। कैंडल मार्च निकालकर परिजनों ने दोनों को फांसी की सजा देने की मांग दोहराई। पुलिस का कहना है कि इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों, फोरेंसिक रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है।





