पीएम से मुलाकात के बाद सुलझा जमीन विवाद, विधायक ने शिकायत वापस लेने की बात कही

ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे जिले के मीरा रोड में जमीन विवाद को लेकर 81 साल के असगरअली वोहरा को बड़ी राहत मिलती दिख रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के कुछ दिन बाद भाजपा विधायक नरेंद्र मेहता ने विवादित जमीन का कब्जा छोड़ने और निर्माण परमिट सरेंडर करने की बात कही है। उन्होंने वोहरा के खिलाफ पहले दर्ज कराई गई पुलिस शिकायत वापस लेने की भी बात कही।
वोहरा ने 8 सितंबर को पीएम मोदी से मुलाकात कर जमीन विवाद में हस्तक्षेप की मांग की थी। उन्होंने मामले की सीबीआई जांच की मांग भी रखी थी। वोहरा का दावा है कि उन्होंने गुजरात के वडनगर के बीएन स्कूल में मोदी के साथ पढ़ाई की थी। 13 सितंबर को दोनों की साथ में तस्वीर भी सामने आई, हालांकि मुलाकात कहां हुई, इसकी जानकारी सार्वजनिक नहीं हुई।
15 साल से जमीन के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर
वोहरा के मुताबिक, वह करीब 15 साल से जमीन विवाद को लेकर अलग-अलग सरकारी विभागों के चक्कर लगा रहे हैं। उनका आरोप है कि उनकी जानकारी के बिना फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन को दो कंपनियों के बीच बांट दिया गया। उन्होंने स्वयम बिल्डर्स और सेवन इलेवन कंस्ट्रक्शंस को नरेंद्र मेहता से जुड़ा बताया है। मामले में 2015 में एफआईआर भी दर्ज हुई थी।
पीएम से मुलाकात के बाद अफसरों ने बुलाई बैठक
वोहरा के अनुसार, पीएम से मुलाकात के बाद मामले में सरकारी स्तर पर गतिविधियां तेज हुईं। मीरा-भायंदर नगर निगम ने दोनों कंपनियों के प्रबंधन को 16 सितंबर को पक्ष रखने के लिए बुलाया। इसके बाद मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्रीकर परदेशी ने मंत्रालय में बैठक की। इसमें वोहरा, नरेंद्र मेहता, नगर निगम आयुक्त राधा बिनोद शर्मा और टाउन प्लानर पुरुषोत्तम शिंदे मौजूद रहे।
कंपनी ने निर्माण परमिट सरेंडर करने की जानकारी दी
सेवन इलेवन कंस्ट्रक्शन ने नगर निगम को पत्र देकर निर्माण परमिट सरेंडर करने की जानकारी दी। कंपनी के मुताबिक, उसने 13 जून 2019 को रजिस्टर्ड डीड से जमीन खरीदी थी और 17 अप्रैल 2026 को निर्माण की अनुमति ली थी। मालिकाना हक के विवाद के चलते अब परमिट रद्द करने और जमा फीस लौटाने का अनुरोध किया गया है।
वहीं, नरेंद्र मेहता ने पुलिस कमिश्नर को पत्र देकर वोहरा और उनके सहयोगी अजय ढोका के खिलाफ 2015 की शिकायत वापस लेने की बात कही है। उन्होंने दोनों पक्षों के बीच समझौता होने का उल्लेख किया है।





