StateNewsदेश - विदेश

RSS कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने वाले सैफ का एनकाउंटर; पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI का कनेक्शन निकला

रांची। रांची में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमला करने के मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। इस हमले के मुख्य आरोपी सैफ का पुलिस एनकाउंटर हुआ है। बताया गया है कि सैफ पुलिस हिरासत से फरार होने की कोशिश कर रहा था, जिसके बाद रांची पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसके पैर में गोली मारी। घायल सैफ को दोबारा गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

यह घटना 16 जून की रात करीब 11:35 बजे रांची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित निवारणपुर में हुई थी। हमलावरों ने RSS कार्यालय को निशाना बनाकर दो पेट्रोल बम फेंके थे। इनमें से एक बम मुख्य गेट के बाहर गिरा, जबकि दूसरा कार्यालय की छत पर फेंका गया। हालांकि इस हमले में कोई जनहानि नहीं हुई। पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच तेज कर दी।

पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिनमें एक रांची और दो लोहरदगा के निवासी हैं। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने हमले से पहले पेट्रोल बम तैयार किए थे और वे इस प्रक्रिया में पूरी तरह प्रशिक्षित नहीं थे। उनके पास से बम बनाने में इस्तेमाल होने वाला सामान भी बरामद किया गया।

मामले में सैफ को कोतवाली थाने में रखा गया था, जहां से वह बाथरूम जाने का बहाना बनाकर फरार हो गया। बाद में पुलिस ने उसे मांडर टोल प्लाजा के पास घेर लिया। गिरफ्तारी के दौरान उसने एक जवान का हथियार छीनने और हमला करने की कोशिश की, जिसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने गोली चलाई।

जांच एजेंसियों ने इस मामले में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के कनेक्शन का भी दावा किया है। आरोप है कि सोशल मीडिया के जरिए भर्ती कर कुछ लोगों को इस साजिश में जोड़ा गया था। साथ ही, हमले से पहले RSS कार्यालय की रेकी भी की गई थी। जांच में शहजाद भट्टी मॉड्यूल की भूमिका की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

एजेंसियों की जांच में यह भी सामने आया है कि एक आरोपी दुबई में रह चुका है और वहां उसका आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क और इसके संभावित अंतरराष्ट्रीय कनेक्शनों की गहन जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button