मुख्यमंत्री साय से राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति ने की सौजन्य मुलाकात

पिछड़ा वर्ग के कल्याण और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर हुई चर्चा
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से रविवार को उनके निवास कार्यालय में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उनका आत्मीय स्वागत करते हुए स्मृति चिन्ह भेंट किया। मुलाकात के दौरान पिछड़ा वर्ग के कल्याण, सामाजिक न्याय, शिक्षा और आर्थिक विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार पिछड़ा वर्ग के सर्वांगीण विकास और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। शासन की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से शिक्षा, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में लाभ पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
साध्वी निरंजन ज्योति ने राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की भूमिका और कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि आयोग सामाजिक एवं शैक्षणिक रूप से पिछड़े वर्गों के अधिकारों की रक्षा और उनके विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने आयोग द्वारा संचालित योजनाओं, गतिविधियों और उपलब्ध सुविधाओं की भी जानकारी साझा की।
बैठक में पिछड़ा वर्ग के सामाजिक-आर्थिक उत्थान, शैक्षणिक अवसरों के विस्तार और कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी चर्चा हुई। आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों के समन्वित प्रयासों से पिछड़ा वर्ग के विकास को नई गति मिल सकती है।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग सामाजिक एवं शैक्षणिक रूप से पिछड़े वर्गों के हितों की रक्षा, उनके विकास की समीक्षा तथा संबंधित संवैधानिक और कानूनी प्रावधानों के क्रियान्वयन की निगरानी करता है। आयोग समय-समय पर केंद्र और राज्य सरकारों को सुझाव भी देता है।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद सहित आयोग के सदस्य और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।





