छत्तीसगढ़ChhattisgarhStateNews

सशक्त और शिक्षित समाज ही मजबूत राष्ट्र की नींव: मुख्यमंत्री साय

धमतरी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि संगठित, शिक्षित और जागरूक समाज ही सशक्त राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी ताकत होता है। समाज जितना मजबूत होगा, देश उतना ही समृद्ध और आत्मनिर्भर बनेगा। वे रविवार को धमतरी जिले के ग्राम छाती में आयोजित चंद्रनाहू (चंद्राकर) कुर्मी-क्षत्रिय समाज के 55वें केंद्रीय अधिवेशन को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने समाज की संगठन क्षमता, सामाजिक चेतना और विकास में योगदान की सराहना करते हुए कहा कि चंद्रनाहू कुर्मी-क्षत्रिय समाज ने शिक्षा, कृषि, प्रशासन, राजनीति और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी तकनीक, नवाचार और शिक्षा के जरिए विकास की नई इबारत लिख रही है।

अधिवेशन के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने छाती से झूरानवागांव तक सड़क निर्माण, ग्राम छाती को भविष्य में नगर पंचायत का दर्जा देने की प्रक्रिया शुरू करने, नवीन हायर सेकेंडरी स्कूल भवन निर्माण और नवा रायपुर में समाज के लिए सामाजिक भवन हेतु भूमि उपलब्ध कराने की घोषणा की। मुख्यमंत्री की घोषणाओं का समाजजनों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ऐसे अधिवेशन समाज को एकजुट करने, विचारों का आदान-प्रदान करने और नई पीढ़ी को दिशा देने का महत्वपूर्ण मंच होते हैं। उन्होंने समाज द्वारा प्रशासनिक सेवाओं, शिक्षा, खेल और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली युवाओं और अधिकारियों के सम्मान को प्रेरणादायक बताया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने समाज की सांस्कृतिक धरोहर पर आधारित पुस्तक ‘अद्भुत श्री तुलसी चरितायणम्’ का विमोचन भी किया। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले छात्र-छात्राओं और प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर सांसद विजय बघेल, विधायक अजय चंद्राकर, विधायक ललित चंद्राकर, पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर, समाज के केंद्रीय अध्यक्ष दिनेश चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button