ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

ज्वेलरी शॉप में लूट: व्यापारी-दंपती की पिटाई, बच्चे की गुहार; 3 आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एक सराफा व्यापारी के घर संचालित ज्वेलरी शॉप में लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के राहौद इलाके में हुई इस घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बदमाशों की क्रूरता साफ नजर आ रही है।

जानकारी के अनुसार, 19 मार्च की सुबह करीब 7:58 बजे चार बदमाश घर के मेन गेट से अंदर घुसे। उस समय व्यापारी सुदीप कुमार घर में पूजा कर रहे थे और उनका बच्चा स्कूल जाने की तैयारी कर रहा था। बदमाशों ने पहले बच्चे से घरवालों के बारे में पूछताछ की और फिर मौके का फायदा उठाकर अंदर छिप गए।

जैसे ही व्यापारी बाहर आए, बदमाशों ने उन्हें पकड़कर जमीन पर पटक दिया और मुंह दबाकर बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। बचाने आई उनकी पत्नी को भी धक्का देकर गिराया गया और लात-घूंसों से पीटा गया। इस दौरान वहां मौजूद मासूम बच्चा हाथ जोड़कर बदमाशों से अपने पिता को छोड़ने की गुहार लगाता रहा, लेकिन आरोपियों पर इसका कोई असर नहीं पड़ा।

करीब दो मिनट तक चली इस वारदात में बदमाश दो महंगे मोबाइल फोन और कुछ जेवर लूटकर फरार हो गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और एक आरोपी प्रियेश कुमार बर्मन को पकड़ लिया, जबकि अन्य फरार हो गए।

पुलिस ने मामले की जांच करते हुए 9 दिन बाद दो और आरोपियों रवि निर्मलकर और श्यामजी सिन्हा को गिरफ्तार किया है। फिलहाल इस लूटकांड में कुल 5 आरोपी शामिल बताए जा रहे हैं, जिनमें से 3 गिरफ्तार हो चुके हैं और 2 की तलाश जारी है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button