बस्तर में 19 मई को होगी मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक: अमित शाह करेंगे अध्यक्षता, CM साय ने तैयारियों की समीक्षा की
बस्तर। छत्तीसगढ़ के बस्तर में 19 मई को मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक आयोजित होगी।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह इसकी अध्यक्षता करेंगे। बैठक में मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। आयोजन को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को मंत्रालय महानदी भवन में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक ली।
बैठक में अधिकारियों ने पीपीटी प्रेजेंटेशन के जरिए परिषद में उठाए जाने वाले मुद्दों और तैयारियों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने सभी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोजन की तैयारियों में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में मध्य क्षेत्रीय परिषद के राज्यों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह परिषद देश की उन चुनिंदा क्षेत्रीय परिषदों में शामिल है, जहां सदस्य राज्यों के बीच किसी प्रकार का विवाद नहीं है। यह राज्यों के बीच सहयोग और बेहतर समन्वय का उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय परिषदें केंद्र और राज्यों के बीच संवाद बढ़ाने का प्रभावी मंच बन चुकी हैं। “मजबूत राज्य ही मजबूत राष्ट्र का निर्माण करते हैं” इसी सोच के साथ परिषदें विकास और प्रशासनिक समन्वय को नई दिशा दे रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में इस स्तर की राष्ट्रीय बैठक का आयोजन प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति स्थापना के बाद इस तरह की बड़ी बैठक का आयोजन यह दर्शाता है कि सरकार बस्तर के विकास और नई संभावनाओं को लेकर गंभीर है।
साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में नक्सल उन्मूलन की दिशा में लगातार काम हुआ है। इससे बस्तर में शांति का माहौल बना है और अब क्षेत्र तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है।





