रिंग रोड-2 के तीन फ्लाईओवरों का काम होगा तेज: PWD सचिव ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता पर जोर

रायपुर। रायपुर के रिंग रोड-2 में बन रहे तीन फ्लाईओवरों के निर्माण कार्य में अब तेजी लाई जाएगी। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने शुक्रवार को भनपुरी और टाटीबंध के बीच निर्माणाधीन फ्लाईओवरों का निरीक्षण कर अधिकारियों को तय समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।
लोक निर्माण विभाग की ओर से सरोरा चौक, हीरापुर चौक और बंगाली होटल चौक पर सिक्स-लेन फ्लाईओवर बनाए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान सचिव ने निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की और मौके पर मौजूद अभियंताओं को रोजाना मॉनिटरिंग करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य और उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए।
PWD सचिव ने कहा कि फ्लाईओवरों के दोनों ओर बनाए जा रहे सर्विस रोड, नालियों के कवर और फुटपाथों की बेहतर फिनिशिंग और समतलीकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि फ्लाईओवर चालू होने के बाद आम लोगों को किसी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने पर सख्त नाराजगी जताते हुए कहा कि किसी भी हिस्से में गैर-जिम्मेदाराना तरीके से काम नहीं होना चाहिए। उन्होंने कार्यस्थलों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने और निर्माण सामग्री व्यवस्थित रखने के निर्देश भी दिए।
सचिव बंसल ने सुरक्षा मानकों के पालन पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि निर्माण स्थल पर काम करने वाले श्रमिकों और वहां से गुजरने वाले लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। फ्लाईओवर और सर्विस रोड निर्माण में सड़क सुरक्षा के सभी नियमों का सख्ती से पालन करने को कहा गया है।
गौरतलब है कि रिंग रोड-2 रायपुर की सबसे व्यस्त सड़कों में शामिल है। यहां फ्लाईओवर बनने से ट्रैफिक दबाव कम होगा और शहर के आउटर हिस्सों में आवागमन अधिक सुगम होने की उम्मीद है।





