9 घंटे बाद बोरवेल से सुरक्षित निकला मासूम, मां से लिपटकर रोया

दिल्ली। पंजाब के होशियारपुर जिले में 4 साल का बच्चा 300 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया, जिसे करीब 9 घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बाहर आते ही मासूम अपनी मां से लिपटकर रोने लगा। बच्चे की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई गई है।
घटना शुक्रवार शाम करीब 4 बजे अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे चक्क समाना गांव में हुई। गुरकरन सिंह नाम का बच्चा घर के पास खेलते समय खुले बोरवेल में गिर गया था। बताया गया कि वह करीब 30 फीट नीचे जाकर फंस गया था। सूचना मिलते ही NDRF, SDRF, पंजाब पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने बताया कि बोरवेल के पास समानांतर गड्ढा खोदकर बच्चे तक पहुंचने की कोशिश की गई। कैमरा और ऑक्सीजन पाइप नीचे उतारे गए ताकि बच्चे की हरकतों पर नजर रखी जा सके। करीब 40 सदस्यीय NDRF टीम ने देर रात 12:40 बजे बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
बच्चे की मां आशा ने बताया कि गुरकरन खेलते-खेलते बोरवेल के पास पहुंच गया था। गिरते समय वह लगातार आवाज लगा रहा था- “मुझे पकड़ लो।” परिवार ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह धीरे-धीरे नीचे चला गया।
प्रशासन के मुताबिक यह बोरवेल पिछले 15 दिनों से खोदा जा रहा था। पाइप डालने के बाद आसपास की जगह पूरी तरह नहीं भरी गई थी, जिससे हादसा हुआ। घटना के बाद इलाके में खुले बोरवेल को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है।
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान स्थानीय लोग, अधिकारी और जनप्रतिनिधि पूरी रात मौके पर मौजूद रहे। बच्चे के सुरक्षित बाहर आने पर गांव में राहत और खुशी का माहौल बन गया।



