ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

बारिश से उफान पर नदियां: सालों बाद बाबा कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर में चढ़ा पानी, कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश से नदियां उफान पर हैं और कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बनने लगे हैं। गरियाबंद जिले में पिछले करीब 60 घंटे से जारी बारिश के कारण सिकासेर जलाशय से 60 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इसका असर राजिम के त्रिवेणी संगम पर देखने को मिला, जहां वर्षों बाद प्रसिद्ध बाबा कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर में महानदी का पानी पहुंच गया। मंदिर परिसर में पानी भरने के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में कौतूहल का माहौल है।

बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट पर है। नदी किनारे बसे गांवों और निचले इलाकों में मुनादी कर लोगों को सतर्क रहने की अपील की जा रही है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

बारिश का असर सड़क यातायात पर भी पड़ा है। पैरी नदी के उफान पर आने से नेशनल हाईवे-130सी पर पंटोरा के पास जलभराव हो गया है। पिछले 24 घंटे से रायपुर-गरियाबंद मार्ग पर बसों और अन्य वाहनों की आवाजाही प्रभावित है। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने बैरिकेडिंग कर मार्ग अस्थायी रूप से बंद कर दिया है।

दंतेवाड़ा जिले के भैरमगढ़ क्षेत्र के पातरपारा में भी पुल के ऊपर से पानी बहने लगा है, जिससे वाहनों की आवाजाही रुक गई है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से पुल पार करने की कोशिश नहीं करने और सावधानी बरतने की अपील की है।

राजधानी रायपुर में भी लगातार बारिश के चलते खारुन नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। महादेव घाट पर नदी का पानी पुल तक पहुंच गया है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के आसपास जाने से बचने और मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button