अस्पताल में चींटियों ने बंद कराया ऑपरेशन थिएटर: 3 दिन से सर्जरी ठप, सीजेरियन शिफ्ट; रोज की 5 प्लांड सर्जरी प्रभावित

भिलाई/रायपुर। दुर्ग जिला अस्पताल की मदर-चाइल्ड यूनिट (एमसीएच) के ऑपरेशन थिएटर में चींटियों के जमावड़े के कारण पिछले तीन दिनों से सर्जरी का काम प्रभावित हो गया है। संक्रमण के खतरे को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने एमसीएच का ऑपरेशन थिएटर बंद कर दिया है। इसके चलते यहां होने वाली सभी सिजेरियन डिलीवरी को मेजर ऑपरेशन थिएटर में शिफ्ट किया गया है, जबकि रोज होने वाली औसतन पांच प्लांड सर्जरी फिलहाल रोक दी गई हैं।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, मेजर ओटी की एक टेबल पर अब केवल सिजेरियन डिलीवरी कराई जा रही है। दूसरी टेबल पर सिर्फ इमरजेंसी ऑपरेशन किए जा रहे हैं। इससे आर्थोपेडिक, ईएनटी और अन्य सामान्य नियोजित सर्जरी प्रभावित हो रही हैं। मरीजों को नई तारीख दी जा रही है, जिससे परेशानी बढ़ गई है।
बताया जा रहा है कि ऑपरेशन थिएटर में चींटियां पहुंचने के पीछे पेस्ट कंट्रोल में लापरवाही और निर्माण संबंधी खामियां प्रमुख कारण हैं। स्थिति सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन ने तत्काल पेस्ट कंट्रोल के साथ आवश्यक मरम्मत और निर्माण कार्य शुरू करा दिया है। अधिकारियों का कहना है कि ओटी को पूरी तरह संक्रमणमुक्त और सुरक्षित बनाने के बाद ही दोबारा शुरू किया जाएगा।
शुरुआत में सिजेरियन ऑपरेशन टीटी ओटी में कराए गए थे, लेकिन विभागाध्यक्ष डॉ. बी.आर. साहू ने वहां संक्रमण (सेप्सिस) की आशंका जताते हुए लिखित आपत्ति दर्ज कराई। इसके बाद सभी सीजेरियन डिलीवरी मेजर ओटी में स्थानांतरित कर दी गईं।
सिविल सर्जन डॉ. आशीष मिंज ने बताया कि मरीजों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि एमसीएच ऑपरेशन थिएटर में पेस्ट कंट्रोल और निर्माण कार्य जारी है। यदि सब कुछ योजना के अनुसार हुआ तो अगले दो दिनों में ओटी दोबारा शुरू कर दिया जाएगा। तब तक केवल आवश्यक और आपातकालीन सर्जरी ही की जाएंगी।





