रायपुर में स्मृति ईरानी के निर्देश पर BJP कार्यालय से पुलिस हटाई, कार्यकर्ता को सेल्फी लेने से रोका

रायपुर। रायपुर में छत्तीसगढ़ भाजपा की नई प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी के दौरे को लेकर संगठन में गतिविधियां तेज हो गई हैं। रविवार को रायपुर पहुंचने पर उनका स्वागत सादगी से किया गया। एयरपोर्ट से लेकर भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर तक किसी तरह का शक्ति प्रदर्शन नहीं किया गया। स्मृति ईरानी के निर्देश पर भाजपा कार्यालय के भीतर से पुलिस सुरक्षा भी हटा दी गई।
स्मृति ईरानी के स्वागत के लिए संगठन की ओर से नामित 16 पदाधिकारी और विधायक एयरपोर्ट पहुंचे थे। इस दौरान न ढोल-ताशे बजाए गए और न ही किसी मंत्री को बुलाया गया। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की प्रस्तावित बाइक रैली भी स्थगित कर दी गई।
रायपुर पहुंचने के बाद स्मृति ईरानी भाजपा कार्यालय पहुंचीं, जहां उनका स्वागत किया गया। उनके साथ प्रदेश सह-प्रभारी सिद्धार्थ शंभू भी छत्तीसगढ़ पहुंचे हैं।
कार्यकर्ता को प्यार से सेल्फी लेने से रोका
भाजपा कार्यालय में एक कार्यकर्ता स्मृति ईरानी के साथ सेल्फी लेना चाह रही थीं। इस दौरान स्मृति ईरानी ने प्यार से उनके सिर पर हाथ रखा और सेल्फी लेने से मना कर दिया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।
दो दिन में होंगी 12 बैठकें
स्मृति ईरानी 25 और 26 अक्टूबर को प्रदेश भाजपा कार्यालय में संगठन के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ कुल 12 बैठकों में शामिल होंगी। इन बैठकों में संगठन की गतिविधियों, आगामी रणनीति और जनप्रतिनिधियों की भूमिका सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा होगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने कहा कि बैठक में संगठन से जुड़े विषयों पर चर्चा की जाएगी। स्मृति ईरानी की नियुक्ति के बाद यह दौरा प्रदेश भाजपा के संगठनात्मक कामकाज और आगामी रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।





