ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में गोवर्धन पूजा पर 9 नवंबर को सार्वजनिक अवकाश, पहले ऐच्छिक छुट्टी थी

रायपु। छत्तीसगढ़ सरकार ने गोवर्धन पूजा के अवसर पर 9 नवंबर 2026 को सार्वजनिक/सामान्य अवकाश घोषित किया है। यह छुट्टी सोमवार को रहेगी। सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर पहले से घोषित ऐच्छिक अवकाश की व्यवस्था में संशोधन किया है।

सरकार के इस फैसले के बाद गोवर्धन पूजा पर राज्य के संबंधित शासकीय कार्यालयों में सामान्य अवकाश रहेगा। इससे पहले इस पर्व को ऐच्छिक अवकाश की सूची में शामिल किया गया था।

ऐच्छिक अवकाश की सूची में था पर्व

सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना क्रमांक GENS-2101/3340/2026-GAD-5 के मुताबिक, 6 नवंबर 2025 को जारी अधिसूचना में 9 नवंबर 2026, सोमवार को गोवर्धन पूजा के लिए ऐच्छिक अवकाश घोषित किया गया था। यह सूची के सरल क्रमांक-50 पर दर्ज था।

अब राज्य शासन ने इस व्यवस्था में बदलाव करते हुए गोवर्धन पूजा के अवकाश को सार्वजनिक/सामान्य अवकाश में बदल दिया है। इसके तहत 9 नवंबर को संबंधित सरकारी कार्यालयों और संस्थानों में छुट्टी रहेगी।

दीपावली के बाद मनाई जाती है गोवर्धन पूजा

गोवर्धन पूजा दीपावली के अगले दिन मनाई जाती है। इस पर्व पर भगवान श्रीकृष्ण और गोवर्धन पर्वत की पूजा की जाती है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, भगवान कृष्ण ने ब्रजवासियों को मूसलधार बारिश से बचाने के लिए गोवर्धन पर्वत को अपनी अंगुली पर उठाया था। इसी घटना की स्मृति में यह पर्व मनाया जाता है।

छत्तीसगढ़ शासन की ओर से जारी आदेश के बाद अब राज्य में 9 नवंबर 2026 को गोवर्धन पूजा के लिए सार्वजनिक/सामान्य अवकाश निर्धारित किया गया है।

Related Articles

Back to top button