छत्तीसगढ़ में 27 अक्टूबर से बदलेगा मौसम, 3 दिन बारिश के आसार: बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवाती तूफान

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसके बाद 27 अक्टूबर से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 28 और 29 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने के आसार हैं। चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्व-मध्य और उससे लगे दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में बना सिस्टम 25 अक्टूबर को अवदाब में बदल सकता है। इसके बाद 26 अक्टूबर की सुबह तक इसके चक्रवाती तूफान का रूप लेने की संभावना है।
अनुमान है कि यह तूफान 28 अक्टूबर की सुबह आंध्र प्रदेश तट के पास पहुंच सकता है। इसके बापटला और विशाखापत्तनम के बीच आंध्र प्रदेश और यनम तट को पार करने की संभावना जताई गई है।
इस दौरान हवा की अधिकतम रफ्तार 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। वहीं, हवा के झोंकों की गति 140 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहने का अनुमान है। इस सिस्टम का असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी पड़ सकता है।
रायपुर में 33 डिग्री तक रहेगा तापमान
प्रदेश में फिलहाल बारिश दर्ज नहीं की गई है। 24 अक्टूबर को मौसम शुष्क रहा। रायपुर में अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहा।
राजधानी रायपुर में 25 अक्टूबर को आसमान साफ रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।



