कारोबारी की कार का शीशा तोड़कर 4.90 लाख उड़ाए: CCTV में संदिग्ध बाइक सवार कैद, पुलिस को रेकी का शक

दुर्ग। दुर्ग जिले में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। पुलगांव थाना क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने एक कारोबारी की कार का शीशा तोड़कर उसमें रखे 4 लाख 90 हजार रुपए से भरा बैग पार कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में एक संदिग्ध बाइक सवार नजर आया है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, मुक्त नगर निवासी प्रमोद महेश्वरी ‘देव एग्रो इंडस्ट्रीज’ के संचालक हैं। मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे वे अपने घर से 4.90 लाख रुपए लेकर स्विफ्ट कार से निकले थे। यह रकम एक पार्टी को भुगतान करने के लिए काले रंग के बैग में रखी गई थी। सुबह करीब 9 बजे उन्होंने पोटिया रोड स्थित उत्सव शोरूम के सामने कार पार्क कर लॉक कर दी और दूसरी बाइक से नया पारा स्थित अपने परिचित रितेश साहू की बारदाना दुकान चले गए।
कुछ देर बाद वे इंदिरा मार्केट में चाय पी रहे थे, तभी उत्सव शोरूम के संचालक अमरजीत सिंह का फोन आया। उन्होंने बताया कि कार का अगला शीशा टूटा हुआ है। मौके पर पहुंचने पर प्रमोद ने देखा कि कार में रखा नकदी से भरा बैग गायब है। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
पुलगांव थाना पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच में एक संदिग्ध बाइक सवार कैमरे में दिखाई दिया है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने पहले से कारोबारी की रेकी की थी और बड़ी रकम होने की जानकारी मिलने के बाद वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस संदिग्ध की पहचान करने और चोरी गई रकम बरामद करने के लिए अलग-अलग एंगल से जांच कर रही है।





