जगदलपुर में पालतू कुत्ते का आतंक: बच्चे के साथ गड्ढे में गिरी महिला; बचाने आए लोगों को भी दौड़ाया, VIDEO आया सामने

जगदलपुर। बस्तर जिला मुख्यालय के बृजराज नगर इलाके में एक पालतू कुत्ते के हमले से सनसनी फैल गई। कुत्ते ने न केवल राहगीरों पर हमला किया, बल्कि एक महिला और उसके बच्चे को इस कदर डराया कि वे जान बचाने की कोशिश में पास के गड्ढे में जा गिरे। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
गड्ढे में गिरी महिला और मासूम
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना उस वक्त हुई जब एक महिला अपनी छोटी बच्ची के साथ सड़क से गुजर रही थी। तभी एक पालतू कुत्ता अचानक आक्रामक होकर उन पर झपटा। कुत्ते के हमले से बचने के लिए महिला चीखते हुए पीछे हटी और संतुलन बिगड़ने के कारण बच्ची समेत सड़क किनारे बने गड्ढे में गिर गई।
मदद करने पहुंचे लोगों को भी काटा
महिला और बच्चे की चीख-पुकार सुनकर जब स्थानीय लोग और राहगीर उन्हें बचाने के लिए दौड़े, तो कुत्ते ने उन पर भी हमला कर दिया। कुत्ता इतना हिंसक था कि वह हर आने-जाने वाले को काटने दौड़ रहा था। कुत्ते के डर से लोग अपनी जान बचाने के लिए आसपास की दुकानों और घरों के अंदर घुस गए और शटर गिरा दिए। बताया जा रहा है कि इस दौरान कुत्ते ने कुछ लोगों को घायल भी किया है।
मालिक की लापरवाही आई सामने
स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया है कि कुत्ते का मालिक उसे अक्सर रात में बिना जंजीर या निगरानी के घर के बाहर खुला छोड़ देता था। इसी लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ।
मोहल्ले के लोगों ने नगर निगम और जिला प्रशासन से मांग की है कि पालतू जानवरों को खुले में छोड़ने वाले मालिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
इस घटना के बाद से इलाके के लोग अपने बच्चों को घर से बाहर निकालने में डर महसूस कर रहे हैं। प्रशासन ने मामले की जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।





