PMEGP योजना से बदली रमेश नाग की जिंदगी: सीमेंट ब्रिक्स यूनिट शुरू कर बने आत्मनिर्भर, अब दूसरों को भी दे रहे रोजगार

रायपुर। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) ने बीजापुर जिले के रहने वाले रमेश नाग की जिंदगी बदल दी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित स्वरोजगार योजनाओं का लाभ लेकर उन्होंने सीमेंट ब्रिक्स निर्माण इकाई स्थापित की और आज सफल उद्यमी बनकर अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा बन रहे हैं।
रमेश नाग लंबे समय से अपना कारोबार शुरू करना चाहते थे, लेकिन पूंजी की कमी सबसे बड़ी बाधा थी। इसके बाद उन्होंने जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, बीजापुर से संपर्क किया। यहां उन्हें पीएमईजीपी योजना की जानकारी दी गई और आवेदन प्रक्रिया में मार्गदर्शन मिला।
योजना के तहत यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की बीजापुर शाखा से उन्हें 10 लाख रुपए का ऋण स्वीकृत हुआ। साथ ही करीब 3.50 लाख रुपए की मार्जिन मनी (अनुदान) भी मिली। इस आर्थिक सहायता से रमेश ने आधुनिक मशीनों के साथ सीमेंट ब्रिक्स निर्माण इकाई स्थापित की और उत्पादन शुरू कर दिया।
आज उनकी इकाई में गुणवत्तापूर्ण सीमेंट ब्रिक्स का निर्माण हो रहा है, जिससे स्थानीय निर्माण कार्यों की जरूरतें पूरी हो रही हैं। व्यवसाय के विस्तार के साथ उन्होंने आसपास के लोगों को भी रोजगार उपलब्ध कराया है। इससे न केवल उनकी आय बढ़ी है, बल्कि परिवार की आर्थिक स्थिति भी पहले से कहीं अधिक मजबूत हुई है।
रमेश नाग का कहना है कि यदि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम का लाभ नहीं मिलता, तो अपना उद्योग शुरू करना संभव नहीं था। अब वे सम्मानपूर्वक अपना व्यवसाय संचालित कर रहे हैं और नियमित आय अर्जित कर रहे हैं।
रमेश की सफलता इस बात का उदाहरण है कि सरकारी योजनाओं का सही समय पर लाभ उठाकर और मेहनत के दम पर सीमित संसाधनों में भी आत्मनिर्भर बना जा सकता है। उनकी उपलब्धि बीजापुर के युवाओं को स्वरोजगार अपनाने और अपना उद्यम शुरू करने के लिए प्रेरित कर रही है।





