महतारी वंदन की 31वीं किस्त से रक्षाबंधन की खुशी दोगुनी, पूनम बोलीं- भाई के उपहार जैसा लगा पैसा

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। महतारी वंदन योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बनकर सामने आई है। योजना के तहत महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता दी जा रही है। इससे उन्हें घरेलू जरूरतों को पूरा करने के साथ आर्थिक रूप से मजबूत बनने में मदद मिल रही है।
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के सारबहरा निवासी पूनम धावरिया भी योजना की लाभार्थी हैं। उन्हें महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त की राशि प्राप्त हो चुकी है। राशि मिलने पर उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया।
पूनम ने बताया कि योजना के तहत उन्हें नियमित रूप से हर महीने आर्थिक सहायता मिल रही है। यह राशि घर-परिवार की दैनिक जरूरतों और अन्य आवश्यक खर्चों में काफी मददगार साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि नियमित आर्थिक सहायता से महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ रहा है और उन्हें छोटी-छोटी जरूरतों के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ता।
समय से पहले मिली राशि
पूनम ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए सितंबर माह की किस्त अगस्त में ही मिल गई। समय से पहले राशि मिलने से उनकी खुशी बढ़ गई। उन्होंने कहा कि त्योहार से पहले पैसा मिलने से रक्षाबंधन की तैयारियों में सहूलियत हुई।
उन्होंने भावुक होकर कहा कि रक्षाबंधन पर मिली यह राशि उन्हें भाई के उपहार जैसी महसूस हुई। इससे घरेलू खर्च और पर्व की तैयारियां आसानी से पूरी हो सकीं।
पूनम ने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं के लिए केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि भरोसे और आत्मनिर्भरता का संबल भी बन रही है। उन्होंने योजना के लिए मुख्यमंत्री साय का आभार व्यक्त किया।





