ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

प्लेसमेंट कर्मचारियों के वेतन में कटौती पड़ी भारी, एजेंसी की 10 लाख की सिक्योरिटी जब्त; ब्लैकलिस्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल ने प्लेसमेंट के जरिए मानव संसाधन उपलब्ध कराने वाली मेसर्स टॉपग्रेड मेनपावर एंड सिक्योरिटी सर्विसेस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, राजनांदगांव के खिलाफ अनुबंध की शर्तों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की है। मंडल ने एजेंसी की 10 लाख रुपए की परफॉर्मेंस सिक्योरिटी राजसात करते हुए उसे कार्यरत एजेंसियों की काली सूची में दर्ज कर दिया है।

नया रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण, गृह निर्माण मंडल और छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल की संयुक्त निविदा के तहत एजेंसी से 1 जुलाई 2023 को अनुबंध किया गया था। इसकी अवधि मार्च 2026 में समाप्त हो चुकी है।

वेतन से सुरक्षा निधि के नाम पर कटौती

निविदा अवधि खत्म होने के बाद मंडल मुख्यालय में कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारियों ने शिकायत की कि एजेंसी ने पांच महीने तक उनके वेतन से सुरक्षा निधि के नाम पर राशि काटी। कर्मचारियों को कार्यकाल समाप्त होने के बाद रकम लौटाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन राशि वापस नहीं की गई।

शिकायत के बाद मंडल ने दस्तावेज, बैंक खातों और भुगतान अभिलेखों की जांच की। इसमें सामने आया कि कर्मचारियों के वेतन से किश्तों में रकम काटी गई थी। साथ ही मंडल से एजेंसी को मिली राशि की तुलना में कर्मचारियों को कम वेतन दिए जाने की बात भी सामने आई।

जांच में उल्लंघन की पुष्टि

मंडल ने एजेंसी को नोटिस जारी किया। जवाब में एजेंसी ने कर्मचारियों के वेतन से राशि काटे जाने की बात स्वीकार की। जांच के आधार पर निविदा और अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन पाया गया।

नियमों के तहत एजेंसी के लिए EPF, ESIC, LWF और Minimum Wages Act समेत श्रम कानूनों का पालन करना अनिवार्य था। इसी आधार पर 10 लाख रुपए की सिक्योरिटी जब्त कर एजेंसी को ब्लैकलिस्ट किया गया। आयुक्त अवनीश कुमार शरण ने कहा कि कर्मचारियों के वेतन, EPF और ESIC से जुड़ी किसी भी अनियमितता पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button