StateNewsदेश - विदेश

देशभर में बारिश का कहर: दिल्ली में 4 फीट तक पानी, जम्मू में अमरनाथ यात्रा रोकी; यूपी-बिहार में नदियां उफान पर

दिल्ली। देश के कई राज्यों में मानसून का असर तेज हो गया है। जम्मू-कश्मीर से लेकर दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड तक भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित है।

जम्मू-कश्मीर में बारिश और लैंडस्लाइड के खतरे को देखते हुए शनिवार को जम्मू से अमरनाथ यात्रा रोक दी गई। मौसम विभाग ने जम्मू क्षेत्र में 11 अगस्त तक भारी से बहुत भारी बारिश, अचानक बाढ़ और भूस्खलन की आशंका जताई है।

दिल्ली में शुक्रवार को हुई तेज बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। दिल्ली-गुरुग्राम हाईवे समेत प्रमुख सड़कों पर करीब चार फीट तक पानी भरने से वाहन फंस गए और कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया।

मौसम विभाग ने शनिवार को भी राजधानी के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। अगस्त के पहले सप्ताह में दिल्ली में अब तक 127 मिमी बारिश दर्ज हो चुकी है, जो 2011 के बाद इस अवधि में सबसे ज्यादा है।

उत्तर प्रदेश में करीब 25 दिनों से जारी बारिश के कारण गंगा और दूसरी नदियां उफान पर हैं। वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से घाट डूब गए हैं और 84 घाटों का संपर्क टूट गया है। कई छोटे मंदिरों में भी पानी घुस गया है।

फर्रुखाबाद में कटान के कारण आठ घर नदी में समा गए, जबकि बलिया में सरयू नदी की चपेट में 27 घर आ चुके हैं। आगरा में सड़क धंसने से करीब 20 फीट गहरा गड्डा हो गया।

नेपाल में लगातार बारिश का असर बिहार में भी दिख रहा है। मुजफ्फरपुर में बागमती नदी उफान पर है और कई गांवों में तीन फीट तक पानी भर गया है। बगहा में गंडक नदी का पानी करीब 300 घरों में घुस गया है।

प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण चंडीगढ़-मनाली और मंडी-पठानकोट हाईवे समेत 162 सड़कें बंद हैं।

उत्तराखंड में भी लैंडस्लाइड और नदियों के बढ़ते जलस्तर को लेकर अलर्ट जारी है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, झारखंड और बिहार के कई जिलों में भी भारी बारिश, आंधी और वज्रपात की चेतावनी दी गई है।

Related Articles

Back to top button