दीपावली से पहले 67.40 लाख महिलाओं के खाते में आएंगे 632 करोड़ रुपए

राज्योत्सव में 3 नवंबर को अमित शाह जारी करेंगे महतारी वंदन की 33वीं किस्त; हर पात्र महिला को मिलेंगे 1000 रुपए
रायपुर। छत्तीसगढ़ की महिलाओं को दीपावली से पहले राज्य सरकार बड़ा उपहार देने जा रही है। महतारी वंदन योजना की नवंबर महीने की 33वीं किस्त 3 नवंबर को जारी होगी। नवा रायपुर में आयोजित राज्योत्सव समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह बटन दबाकर हितग्राहियों के बैंक खातों में राशि ट्रांसफर करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे।
इस किस्त के तहत प्रदेश की 67 लाख 40 हजार 410 महिलाओं के खातों में कुल 632 करोड़ 63 लाख 67 हजार 750 रुपए सीधे भेजे जाएंगे। यानी प्रत्येक पात्र महिला को 1000 रुपए मिलेंगे। त्योहार से ठीक पहले राशि मिलने से महिलाओं को घरेलू जरूरतों और दीपावली की तैयारियों में आर्थिक मदद मिलेगी।
ई-केवाईसी कराने वाली 67.33 लाख महिलाएं होंगी लाभान्वित
योजना के तहत ई-केवाईसी पूरी करा चुकीं 67 लाख 33 हजार 502 महिलाओं को नवंबर की नियमित किस्त मिलेगी। वहीं, नियद नेल्ला नार योजना के कैंप क्षेत्रों की 6,908 महिलाओं को 13वीं किस्त की राशि दी जाएगी। इस तरह कुल लाभार्थियों की संख्या 67.40 लाख से अधिक होगी।
अब तक बांटे जा चुके हैं 20,717 करोड़ रुपए
छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना की शुरुआत 1 मार्च 2024 को हुई थी। इसकी पहली किस्त 10 मार्च 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जारी की थी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में अब तक 32 किस्तों के जरिए महिलाओं को 20,717.87 करोड़ रुपए दिए जा चुके हैं।
33वीं किस्त जारी होने के बाद योजना के तहत वितरित कुल राशि बढ़कर 21,350.50 करोड़ रुपए हो जाएगी। सरकार का कहना है कि इस आर्थिक सहायता से महिलाएं अपनी छोटी-बड़ी जरूरतें पूरी करने के साथ परिवार की आर्थिक गतिविधियों में भी योगदान दे रही हैं। हितग्राही भुगतान की स्थिति महतारी वंदन योजना के आधिकारिक पोर्टल और मोबाइल ऐप पर देख सकती हैं।





