StateNewsदेश - विदेश

देशभर में बारिश का कहर: MP-राजस्थान में बाढ़ जैसे हालात, यूपी की 10 नदियां खतरे के निशान से ऊपर; 40 गांव डूबे

दिल्ली। देश के कई राज्यों में मानसून ने जोर पकड़ लिया है। मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और बिहार समेत कई राज्यों में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। मध्य प्रदेश और राजस्थान के 15 से ज्यादा शहरों में भारी बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हैं और घर-दुकानों में पानी घुस गया है।

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में रविवार रात से मूसलाधार बारिश जारी है। लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन ने नर्सरी से 12वीं तक के सभी स्कूल बंद रखने का फैसला लिया है। भोपाल के अलावा रायसेन, उज्जैन और देवास समेत कई शहरों में भी भारी बारिश हो रही है। सोमवार को प्रदेश के 21 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

राजस्थान में सड़कें बनीं तालाब

राजस्थान में भी बारिश ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। जयपुर के कानोता और झालावाड़ का कालीखाड़ डैम ओवरफ्लो हो गया है। बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ में रविवार रात सड़कों पर 2 से 3 फीट तक पानी भर गया। बाड़मेर में रेलवे स्टेशन, सब्जी मंडी और हॉस्पिटल रोड समेत कई प्रमुख इलाकों में 2 से 4 फीट तक पानी जमा हो गया। कई दुकानों और घरों में पानी घुसने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने राजस्थान के 7 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

यूपी में 40 गांव बाढ़ की चपेट में

उत्तर प्रदेश में गंगा-यमुना समेत 10 से ज्यादा नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। फर्रुखाबाद और बिजनौर में गंगा का पानी हाईवे तक पहुंच गया है। करीब 40 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। कई परिवार सड़कों पर टेंट लगाकर रहने को मजबूर हैं। वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से काशी विश्वनाथ मंदिर का मुख्य गंगा द्वार बंद कर दिया गया है। काशी के 84 घाटों को जोड़ने वाले रास्ते भी जलमग्न हैं और गंगा का पानी मणिकर्णिका घाट तक पहुंच गया है।

उत्तराखंड के सभी जिलों में बारिश हो रही है, जबकि चार जिलों में ऑरेंज अलर्ट है। बिहार के 12 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है।

Related Articles

Back to top button