StateNewsदेश - विदेश

बारिश का कहर: झारखंड में आकाशीय बिजली से 14 मौतें, केरल में 25 की जान गई; कई राज्यों में बाढ़ और लैंडस्लाइड से जनजीवन प्रभावित

दिल्ली। देश के कई राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश अब जानलेवा साबित हो रही है।

झारखंड, उत्तर प्रदेश, केरल, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश, आकाशीय बिजली और भूस्खलन की घटनाओं ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है।

अलग-अलग राज्यों में कई लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

झारखंड में मंगलवार को आकाशीय बिजली गिरने से 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 लोग घायल हो गए।

सबसे ज्यादा 9 मौतें गिरिडीह जिले में हुईं। इसके अलावा दुमका में 3 और लातेहार में 2 लोगों की जान गई।

प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया है।

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में भी बारिश से जुड़े हादसों में 3 लोगों की मौत हुई।

दो बच्चों की गड्ढे में डूबने से जान चली गई, जबकि 25 वर्षीय युवक की बिजली गिरने से मौत हो गई।

केरल में 1 अगस्त से जारी मूसलाधार बारिश और बाढ़ ने अब तक 25 लोगों की जान ले ली है।

चार लोग अब भी लापता हैं। राज्य सरकार के अनुसार 18 हजार से अधिक लोगों को राहत शिविरों में रखा गया है।

पथनमथिट्टा, कोट्टायम और अलप्पुझा जिले सबसे अधिक प्रभावित हैं।

वहीं हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश और भूस्खलन के चलते 300 से ज्यादा सड़कें बंद हैं।

हिमाचल में करीब 160 और उत्तराखंड में 100 से अधिक सड़कें यातायात के लिए बाधित हैं।

एहतियात के तौर पर देहरादून और बागेश्वर में 12वीं तक के सभी स्कूलों में बुधवार को अवकाश घोषित किया गया है।

प्रशासन लोगों से सतर्क रहने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील कर रहा है।

Related Articles

Back to top button