रेलवे प्रोजेक्ट मैनेजर से ₹20.70 लाख की साइबर ठगी: फर्जी ट्रेडिंग ऐप पर ₹80 लाख का मुनाफा दिखाकर लगाया चूना

गौरेला। रेलवे परियोजना में कार्यरत एक वरिष्ठ अधिकारी साइबर ठगों के झांसे में आकर 20 लाख 70 हजार रुपये गंवा बैठे। ठगों ने फर्जी ट्रेडिंग कंपनी और मोबाइल ऐप के जरिए शेयर बाजार में भारी मुनाफे का लालच दिया और निवेश करवा लिया। बाद में ऐप पर 80 लाख रुपये का मुनाफा दिखाया गया, लेकिन जब अधिकारी ने रकम निकालने की कोशिश की तो कंपनी, पोर्टल और सभी संपर्क नंबर बंद मिले। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित कुंदन कुमार मूल रूप से पटना (बिहार) के रहने वाले हैं और वर्तमान में इरकॉन इंटरनेशनल लिमिटेड में उपकरण मैनेजर के पद पर पेंड्रा रोड-गेवरा रेल लाइन परियोजना में पदस्थ हैं। वर्ष 2025 में उनकी पहचान मानसा कैपिटल नाम की कथित ट्रेडिंग कंपनी से हुई। कंपनी के प्रतिनिधियों ने शेयर बाजार में कम समय में भारी मुनाफे का दावा करते हुए उन्हें निवेश के लिए प्रेरित किया।
फर्जी ऐप पर दिखाया 80 लाख का मुनाफा
आरोपियों के झांसे में आकर कुंदन कुमार ने अलग-अलग किश्तों में कुल 20.70 लाख रुपये निवेश कर दिए। कुछ समय बाद फर्जी ट्रेडिंग ऐप पर उनके खाते में करीब 80 लाख रुपये का मुनाफा दिखाया जाने लगा। जब उन्होंने राशि निकालने का प्रयास किया तो तकनीकी बहाने बनाए गए। बाद में कंपनी का पोर्टल बंद हो गया और संपर्क में रहने वाले सभी मोबाइल नंबर भी बंद मिले।
तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज
ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने गौरेला थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जय कुमार वर्मा, अनवी और आरती सिंह के खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया है। साइबर पुलिस बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल लेन-देन की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि किसी भी अनजान ट्रेडिंग ऐप या निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले उसकी सत्यता की पूरी जांच जरूर करें।





