ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

जहां लगती थी नक्सलियों की चौपाल, वहीं उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने लगाई जनचौपाल; बोले- किसकोड़ो बनेगा आदर्श गांव

कांकेर। कभी नक्सलियों का मजबूत गढ़ और उनकी गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा अंतागढ़ विकासखंड का ग्राम किसकोड़ो अब बदलाव की नई कहानी लिख रहा है। शुक्रवार को उस स्थान पर ऐतिहासिक दृश्य देखने को मिला, जहां कभी नक्सलियों की चौपाल लगती थी। वहीं अब उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ग्रामीणों के बीच जनचौपाल लगाकर उनकी समस्याएं सुनीं और विकास कार्यों का भरोसा दिलाया।

गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने उप मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया। विजय शर्मा जमीन पर बैठकर ग्रामीणों से सीधे संवाद करते नजर आए। इस दौरान किसकोड़ो सहित आसपास की आठ पंचायतों के सरपंच और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर करने, बंडापाल में विद्युत सब-स्टेशन, खाद भंडारण केंद्र, स्कूल की बाउंड्रीवाल, मातला मार्ग पर पाइप पुलिया और अन्य बुनियादी सुविधाओं की मांग रखी।

उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देते हुए अस्पताल तक मरीजों के आवागमन के लिए एम्बुलेंस उपलब्ध कराने और बिजली व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसकोड़ो को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जाएगा और विकास कार्यों में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।

ग्रामीणों ने भावुक होकर कहा कि पहले यहां नक्सलियों की चौपाल लगती थी, लेकिन आज पहली बार सरकार के उप मुख्यमंत्री की जनचौपाल लगी है। उन्होंने बताया कि एक समय ऐसा था जब शाम होते ही लोग घरों से निकलने से डरते थे, बच्चों को जबरन नक्सली संगठन में शामिल करने की कोशिश होती थी और सरकारी कर्मचारी भी यहां पदस्थापना से कतराते थे।

उल्लेखनीय है कि अक्टूबर 2025 तक किसकोड़ो एरिया कमेटी नक्सली गतिविधियों का प्रमुख केंद्र थी, जिसे अब नक्सलवाद से मुक्त घोषित किया जा चुका है। हाल ही में गांव में पेयजल संकट दूर करने के लिए बोर खनन भी कराया गया है। उप मुख्यमंत्री ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया और ग्रामीणों को जैविक खेती अपनाने, लघु वनोपज प्रसंस्करण तथा स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि कभी भय की पहचान रखने वाला किसकोड़ो अब विकास, विश्वास और लोकतंत्र का नया प्रतीक बन रहा है।

Related Articles

Back to top button