ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में पर्यटन निवेश बढ़ाने की तैयारी, लीज प्रक्रिया होगी सरल

रायपुर। रायपुर। छत्तीसगढ़ में पर्यटन क्षेत्र में निजी निवेश बढ़ाने के लिए ‘एक्सप्लोर, इनवेस्ट, ट्रांसफार्म’ थीम पर प्री-एनआईटी कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इसमें निवेशकों और स्टेकहोल्डर्स को छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की होटल, मोटल, रिसॉर्ट और अन्य पर्यटन इकाइयों को लीज़ पर देने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। साथ ही सरकारी प्रोत्साहन, सिंगल विंडो सिस्टम, पीपीपी मॉडल और डिजिटल तकनीक के इस्तेमाल पर चर्चा हुई।

कार्यक्रम में पर्यटन बोर्ड के प्रबंध संचालक सौमिल रंजन चौबे ने बोर्ड की विभिन्न प्रॉपर्टीज की लोकेशन, सुविधाओं और विकास की संभावनाओं का प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने बताया कि कई प्रॉपर्टीज प्रमुख पर्यटन स्थलों पर स्थित हैं। निजी क्षेत्र के निवेश और विशेषज्ञता से यहां पर्यटकों के लिए सुविधाओं का विस्तार किया जा सकता है।

पर्यटन एवं संस्कृति सचिव डॉ. एस. भारतीदासन ने कहा कि पर्यटन को उद्योग का दर्जा मिलने के बाद राज्य में पर्यटन विकास के लिए स्पष्ट रणनीति के साथ काम किया जा रहा है। प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय संस्कृति, ऐतिहासिक विरासत और पर्यटन स्थलों के कारण राज्य में निवेश की संभावनाएं हैं। सुरक्षा और परिस्थितियों में सुधार के साथ पर्यटन गतिविधियों में भी बढ़ोतरी हुई है।

पर्यटन मंडल अध्यक्ष नीलू शर्मा ने कहा कि होटल और रिसॉर्ट को विकसित करने से पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

कॉन्फ्रेंस में सीएसआईडीसी के उप संचालक अमेय त्रिपाठी ने पर्यटन क्षेत्र के लिए उपलब्ध सब्सिडी और सरकारी प्रोत्साहनों की जानकारी दी। वहीं, पीपीपी एक्सपर्ट अंकुर गर्ग ने निजी निवेश और सरकारी भागीदारी के जरिए परियोजनाओं के संचालन की संभावनाएं बताईं।

यूआईडीएआई के डायरेक्टर लेफ्टिनेंट कर्नल प्रवीण चौधरी ने आधार आधारित डिजिटल और ऑफलाइन वेरिफिकेशन तथा सिक्योर क्यूआर कोड से दस्तावेजों की जांच की प्रक्रिया समझाई। कॉन्फ्रेंस में निवेशकों के लिए प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने पर जोर दिया गया।

Related Articles

Back to top button