107 नक्सल प्रभावित गांवों से लेकर शहीद स्मारकों, सुरक्षा कैंपों और थानों तक दीप जलाए गए

बस्तर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के राष्ट्रसेवा और जनसेवा के संकल्प के तहत चल रहे सेवा संकल्प अभियान में गुरुवार को बस्तर सेवा संकल्प अभियान का आयोजन किया गया। बस्तर संभाग के सातों जिलों में 1,986 स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलित किए गए। नक्सल हिंसा से प्रभावित गांवों, शहीद स्मारकों, पुनर्वास केंद्रों, सुरक्षा कैंपों और पुलिस थानों में दीप जलाकर शांति, सुरक्षा और विकास का संदेश दिया गया।
अभियान के तहत नक्सल हिंसा की बड़ी घटनाओं के साक्षी रहे 107 गांवों में दीप जलाए गए। इनमें बीजापुर के 40, सुकमा के 31, दंतेवाड़ा और नारायणपुर के 11-11, कांकेर के 9, कोंडागांव के 3 और बस्तर के 2 गांव शामिल हैं।
संभाग के 9 पुनर्वास केंद्रों और शहीद स्मारक व प्रतिमा स्थलों के 177 स्थानों पर भी दीप प्रज्ज्वलित किए गए। इसके अलावा नक्सल उन्मूलन अभियान में सुरक्षा जवानों को स्थानीय लोगों का सहयोग मिले ऐसे 147 स्थानों पर भी दीप जलाए गए।
सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण 393 सुरक्षा कैंपों में भी कार्यक्रम हुआ। इनमें बीजापुर के 130, सुकमा के 91, नारायणपुर के 56, कांकेर के 55 और दंतेवाड़ा के 38 कैंप शामिल हैं। संभाग के 122 पुलिस थानों में भी दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
अभियान का सबसे व्यापक आयोजन पूर्व में अति नक्सल प्रभावित रहे 1,031 गांवों में हुआ। इन गांवों में भी दीप जलाकर शांति और विकास के नए दौर का संदेश दिया गया।
जिला स्तर पर बीजापुर में 824, दंतेवाड़ा में 273, कांकेर में 262, सुकमा में 245, नारायणपुर में 225, कोंडागांव में 99 और बस्तर में 58 स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलित किए गए। इस तरह कुल 1,986 स्थान रोशन हुए। अभियान में जलाए गए दीप शहीदों के सम्मान, सुरक्षा जवानों के प्रति कृतज्ञता और बस्तर में शांति एवं विकास के संकल्प के प्रतीक बने।





