PM मोदी का 2 दिन का सिक्किम दौरा: 4000 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास, 50वें स्थापना दिवस में होंगे शामिल

दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से दो दिवसीय सिक्किम दौरे पर जा रहे हैं। इस दौरान वे राज्य के 50वें स्थापना दिवस समारोह के समापन कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और करीब ₹4000 करोड़ की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। उनका यह दौरा पूर्वोत्तर क्षेत्र के विकास को नई गति देने वाला माना जा रहा है।
प्रधानमंत्री सोमवार दोपहर गंगटोक पहुंचेंगे, जहां वे लिबिंग हेलिपैड से गवर्नर हाउस तक रोड शो करेंगे। सिक्किम ने 16 मई 2025 को अपने राज्य बनने के 50 वर्ष पूरे किए थे, जिसके उपलक्ष्य में सालभर कार्यक्रम आयोजित किए गए। अब इस श्रृंखला का समापन प्रधानमंत्री की मौजूदगी में होगा।
अपने दौरे के दौरान पीएम मोदी शिक्षा, स्वास्थ्य, कनेक्टिविटी, पर्यटन, पर्यावरण और कृषि से जुड़ी कई अहम परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इनमें नामची में 100 बेड का अस्पताल, देओराली में 30 बेड का अस्पताल, तीस्ता नदी पर दो डबल-लेन स्टील पुल और गंगटोक में सिविल सर्विस ऑफिसर्स इंस्टीट्यूट का निर्माण शामिल है।
सिक्किम का भारत में विलय भी ऐतिहासिक रहा है। 16 मई 1975 को यह भारत का 22वां राज्य बना। इससे पहले 1950 में भारत-सिक्किम शांति समझौते के तहत यह एक संरक्षित राज्य था। बाद में जनमत संग्रह के जरिए भारी बहुमत से यहां के लोगों ने भारत में शामिल होने का समर्थन किया।
प्रधानमंत्री का यह दौरा न केवल विकास परियोजनाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण है, बल्कि सिक्किम के भारत में विलय के 50 साल पूरे होने के मौके पर एक ऐतिहासिक उत्सव भी है। इससे क्षेत्रीय विकास और राष्ट्रीय एकता को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।





