ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सीएम साय ने फहराया तिरंगा: प्रदेशवासियों से कहा- हर घर पर लहराएं राष्ट्र गौरव का प्रतीक

रायपुर। रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में शुक्रवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्रभक्ति के इस महाअभियान से जुड़ने की अपील की।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की अस्मिता, स्वाभिमान और एकता का प्रतीक है। तिरंगे को देखते ही प्रत्येक भारतीय के मन में राष्ट्रप्रेम और गर्व की भावना जागृत हो जाती है। यह देश के 140 करोड़ नागरिकों को एक सूत्र में बांधने वाला राष्ट्रीय गौरव है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से देशवासियों को राष्ट्रीय ध्वज के साथ भावनात्मक रूप से जोड़ने की अभिनव पहल की है। आज यह अभियान जनभागीदारी का बड़ा माध्यम बन चुका है। गांवों से लेकर शहरों तक घर-घर में लहराता तिरंगा देश की एकता, अखंडता और नागरिकों के समर्पण का प्रतीक बन गया है।

मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम में छत्तीसगढ़ के योगदान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की धरती ने अनेक वीर सपूतों को जन्म दिया है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने महान जनजातीय नायक शहीद वीर नारायण सिंह को याद करते हुए कहा कि उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। प्रदेश के अनेक स्वतंत्रता सेनानियों का संघर्ष और त्याग हमारी गौरवशाली विरासत है।

उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और राष्ट्रीय मूल्यों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। जब बच्चे और युवा अपने घरों पर तिरंगा फहराते हैं तो उनमें राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी और कर्तव्यबोध की भावना मजबूत होती है।

मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर घर-घर तिरंगा फहराने और विकसित, सशक्त तथा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

Related Articles

Back to top button