ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

HDFC बैंक के छत्तीसगढ़ में 25 साल पूरे: सीएम साय बोले- गांवों तक बढ़ाएं बैंकिंग सुविधाएं

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में एचडीएफसी बैंक के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि बैंक ने छत्तीसगढ़ में अपनी सेवाओं के 25 वर्ष पूरे कर लिए हैं। मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि पर बैंक प्रबंधन, अधिकारियों-कर्मचारियों और ग्राहकों को बधाई दी। इस अवसर पर उन्होंने बैंक के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में तैयार विशेष लोगो का विमोचन भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी प्रदेश की आर्थिक प्रगति में मजबूत और सर्वसुलभ बैंकिंग व्यवस्था की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। डिजिटल तकनीक के विस्तार से बैंकिंग सेवाएं आसान हुई हैं, लेकिन इनका लाभ बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहना चाहिए।

उन्होंने एचडीएफसी बैंक के प्रतिनिधियों से बस्तर और सरगुजा के ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार करने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ का बड़ा हिस्सा ग्रामीण और जनजातीय बहुल है। इन क्षेत्रों में बैंकिंग नेटवर्क बढ़ने से लोगों को आर्थिक गतिविधियों से जुड़ने और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में आसानी होगी।

किसान, युवा और छोटे कारोबारियों को मिलेगा लाभ

साय ने कहा कि गांव के नजदीक बैंकिंग सुविधा उपलब्ध होने से ग्रामीणों का समय और संसाधन बचता है। साथ ही बचत, ऋण, बीमा और डिजिटल भुगतान जैसी सुविधाओं तक पहुंच आसान होती है। किसान कृषि गतिविधियों के लिए ऋण ले सकेंगे, वहीं युवा स्वरोजगार और उद्यम के लिए वित्तीय सहायता प्राप्त कर सकेंगे। छोटे कारोबारियों को भी कारोबार बढ़ाने के लिए पूंजी उपलब्ध हो सकेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की कई योजनाओं की राशि सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में पहुंच रही है। ऐसे में अंतिम व्यक्ति तक बैंकिंग सेवाओं की पहुंच सुशासन को मजबूत करती है।

महिला समूहों को वित्तीय मदद पर जोर

मुख्यमंत्री ने महिला स्व-सहायता समूहों की भूमिका का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बैंक यदि इन समूहों तक ऋण और वित्तीय साक्षरता जैसी सुविधाओं को मजबूत करें तो महिलाओं के छोटे उद्यमों और आजीविका गतिविधियों को और बढ़ावा मिल सकता है।

Related Articles

Back to top button