ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

नवा रायपुर में 32वें राज्य निर्वाचन आयुक्त सम्मेलन का शुभारंभ, स्थानीय चुनावों में तकनीक पर जोर

रायपुर। नवा रायपुर अटल नगर में 32वें अखिल भारतीय राज्य निर्वाचन आयुक्त सम्मेलन का बुधवार को शुभारंभ हुआ। करीब 11 साल बाद छत्तीसगढ़ को इस राष्ट्रीय सम्मेलन की मेजबानी मिली है। राज्यपाल रमेन डेका ने दीप प्रज्ज्वलित कर सम्मेलन का औपचारिक उद्घाटन किया। देशभर से आए राज्य निर्वाचन आयुक्त, वरिष्ठ अधिकारी और निर्वाचन विशेषज्ञ इसमें शामिल हो रहे हैं।

उद्घाटन समारोह में राज्यपाल रमेन डेका ने ‘छत्तीसगढ़ लोकल बॉडी इलेक्शन ईयर बुक-2026’ के प्रथम संस्करण का विमोचन किया। इसमें प्रदेश में स्थानीय निकाय चुनाव की प्रक्रिया, उपलब्धियों, नवाचारों और निर्वाचन व्यवस्थाओं से जुड़ी जानकारी शामिल की गई है।

राज्यपाल ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने में स्थानीय स्वशासी संस्थाओं और त्रिस्तरीय पंचायतों की महत्वपूर्ण भूमिका है। स्थानीय निकाय चुनावों की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, समावेशी और तकनीक आधारित बनाने के लिए लगातार सुधार जरूरी हैं।

डिजिटल तकनीक और पारदर्शिता पर चर्चा

राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने स्वागत भाषण में सम्मेलन के उद्देश्यों और स्थानीय निकाय चुनावों को आधुनिक बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। मुख्य सचिव विकास शील ने स्थानीय स्वशासन और निर्वाचन संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय की जरूरत बताई।

सम्मेलन में डिजिटल तकनीक, निर्वाचन प्रबंधन में नवाचार, पारदर्शिता और चुनाव प्रक्रिया को अधिक सुगम बनाने जैसे विषयों पर चर्चा शुरू हुई। स्थायी समिति के अध्यक्ष विजय देव और संयोजक सुधांशु पांडे ने भी विचार रखे।

आज स्थायी समिति की बैठक

दो दिवसीय सम्मेलन के दूसरे दिन 17 सितंबर को नवा रायपुर स्थित राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यालय में स्टैंडिंग कमिटी की बैठक होगी। इसके बाद नया रायपुर डेवलपमेंट अथॉरिटी की ओर से कैपिटल सिटी के निर्माण और विकास पर प्रस्तुतीकरण दिया जाएगा।

प्रतिनिधियों को नया रायपुर के प्रमुख स्थलों का भ्रमण भी कराया जाएगा। इसमें छत्तीसगढ़ विधानसभा, छत्तीसगढ़ आदिवासी संग्रहालय और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय शामिल हैं। सम्मेलन का उद्देश्य विभिन्न राज्यों के अनुभव और नवाचार साझा कर स्थानीय लोकतंत्र और निर्वाचन व्यवस्थाओं को और मजबूत करने पर विचार करना है।

Related Articles

Back to top button