ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

नितिन नबीन-स्मृति ईरानी 15 नवंबर को आएंगे छत्तीसगढ़

रायपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी 15 नवंबर को छत्तीसगढ़ आएंगे।

दोनों नेता रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन का यह पहला छत्तीसगढ़ दौरा होगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के आमंत्रण पर उन्होंने प्रदेश आने की सहमति दी है।

इस दौरे को लेकर भाजपा संगठन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। कार्यक्रम के दौरान दोनों नेताओं के प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक करने की भी संभावना है।

प्रदेश पदाधिकारियों से लेंगे संगठन का फीडबैक

भाजपा सूत्रों के मुताबिक, कार्यक्रम स्थल पर राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इसमें संगठन की गतिविधियों और पिछली बैठकों में हुई चर्चा की समीक्षा हो सकती है।

स्मृति ईरानी अपने पिछले प्रदेश दौरे के दौरान हुई चर्चाओं का फीडबैक और अपडेट लेंगी। इसके साथ ही संगठन के कामकाज को लेकर पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश भी दिए जा सकते हैं।

बिरसा मुंडा की जयंती पर मनाया जाता है गौरव दिवस

15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाता है। केंद्र सरकार ने 2021 में इसकी शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान और जनजातीय संस्कृति को सम्मान देना है।

भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजों के खिलाफ आदिवासी समाज को एकजुट कर उलगुलान आंदोलन का नेतृत्व किया था। उन्होंने जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। देशभर में इस दिन विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर जनजातीय नायकों के योगदान को याद किया जाता है।

Related Articles

Back to top button