ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

बालकनी की ग्रिल छूते ही चिपके कारोबारी, बचाने पहुंचे बेटे की भी मौत: पत्नी को लगा करंट, हालत गंभीर

बलौदाबाजार में हादसा; पिता-बेटे की मौत, पत्नी रायपुर रेफर; घर के पास से गुजर रहा 11 हजार केवी का हाईटेंशन तार, शॉर्ट सर्किट की आशंका

बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में शुक्रवार सुबह करंट लगने से कारोबारी पिता और बेटे की मौत हो गई। दोनों को बचाने पहुंची पत्नी भी बिजली की चपेट में आ गईं। उनकी हालत गंभीर है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। हादसा नेहरू चौक स्थित उनके घर की बालकनी में हुआ। लोहे की ग्रिल में करंट फैलने से यह घटना हुई।

जानकारी के मुताबिक, कपड़ा कारोबारी राकेश गुप्ता (45) सुबह नींद से जागने के बाद बालकनी में पहुंचे थे। वहां लगी लोहे की ग्रिल छूते ही उन्हें करंट लगा और वे उससे चिपक गए। पिता को करंट से चिपका देखकर उनका 24 वर्षीय बेटा ओम गुप्ता उन्हें बचाने दौड़ा। इस दौरान वह भी करंट की चपेट में आ गया।

पति और बेटे को बचाने पहुंचीं पत्नी भी झुलसीं

दोनों को करंट लगता देखकर राकेश की पत्नी वर्षा गुप्ता (45) उन्हें बचाने पहुंचीं। उन्हें भी बिजली का तेज झटका लगा और वे दूर जा गिरीं। आसपास के लोगों की मदद से तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने राकेश और ओम को मृत घोषित कर दिया। वर्षा की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रायपुर रेफर किया गया है।

घर के पास से गुजर रहा 11 हजार केवी का तार

शुरुआती जांच में घर के पास से गुजर रहे 11 हजार केवी के हाईटेंशन तार से करंट फैलने की आशंका जताई गई है। आशंका है कि तार से निकली चिंगारी या शॉर्ट सर्किट के कारण बालकनी की ग्रिल में करंट उतर आया।

पुलिस सफाई के सामान के तार के हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आने की आशंका पर भी जांच कर रही है। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने मर्ग कायम कर दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button