ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सफाई से लेकर निर्माण कार्यों तक में लापरवाही, निगम अफसरों को प्रमुख सचिव की फटकार

पीएम आवास और सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर नाराजगी; रोज मॉर्निंग विजिट कर रिपोर्ट देने के निर्देश

रायपुर। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने रायपुर नगर निगम के कामकाज की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने पीएम आवास योजना (शहरी) में धीमी प्रगति, शहर की सफाई व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं में लापरवाही पर नाराजगी जताई। काम में देरी के मामले में दो अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

सिविल लाइन स्थित नवीन विश्राम भवन में हुई बैठक में बोरा ने कहा कि नागरिकों को उपभोक्ता मानकर उनकी समस्याओं का समय पर समाधान किया जाए। नागरिक सुविधाओं से जुड़े कामों में जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने जोन आयुक्तों, उपायुक्तों और अपर आयुक्तों को रोज मॉर्निंग विजिट करने और इसकी रिपोर्ट ग्रुप में साझा करने के निर्देश दिए।

पीएम आवास पर नहीं मिला जवाब

पीएम आवास योजना की समीक्षा के दौरान जोन-8 की आयुक्त राजेश्वरी पटेल सवालों का जवाब नहीं दे पाईं। इस पर प्रमुख सचिव ने नाराजगी जताते हुए कहा कि जब जोन आयुक्त को ही योजना की जानकारी नहीं है, तो प्रगति का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने गरीबों के आवास निर्माण में गुणवत्ता से समझौता नहीं करने की हिदायत दी।

जेम पोर्टल पर निविदाओं में देरी के मामले में प्रभारी कार्यपालन अभियंता योगेश कड़ू और नगरोत्थान योजना के कामों में धीमी प्रगति पर अधीक्षण अभियंता इमरान खान को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

सफाई और निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

बोरा ने शहर में गंदगी की तस्वीरें दिखाकर सफाई व्यवस्था सुधारने को कहा। स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने और केंद्र-राज्य की योजनाओं की मुख्यालय स्तर पर मॉनिटरिंग के निर्देश भी दिए।

उन्होंने मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना, अधोसंरचना मद और 15वें वित्त आयोग के कार्यों में तेजी लाने, गुणवत्ता बनाए रखने और तय समयसीमा में काम पूरा करने को कहा। मिशन अमृत 2.0 के तहत शीतला तालाब का पुनरोद्धार और सौंदर्यीकरण मार्च तक पूरा करने के निर्देश दिए।

नए नालंदा परिसर में दिव्यांगजनों के लिए सुविधाएं सुनिश्चित करने, वाटर और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट में ऊर्जा की खपत घटाने तथा निदान-1100 की शिकायतों का समयबद्ध निराकरण करने पर भी जोर दिया। बैठक में निगम आयुक्त संबित मिश्रा, संचालक नीलेश क्षीरसागर और सूडा के सीईओ सुमीत अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button