NEET-UG 2026 परीक्षा: 564 शहरों में 5400 से ज्यादा सेंटर, हाईटेक निगरानी व्यवस्था के बीच आयोजित हो रही परीक्षा

दिल्ली। देशभर में NEET-UG 2026 की री-एग्जाम परीक्षा आज कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच आयोजित की जा रही है।
पेपर लीक विवाद के बाद राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने यह दोबारा परीक्षा कराई है, जिसमें करीब 22.79 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। यह परीक्षा देश और विदेश के कुल 564 शहरों में आयोजित की जा रही है।
इस बार परीक्षा के लिए 5400 से अधिक केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें भारत के 551 शहर और 12 विदेशी शहर शामिल हैं। परीक्षा पूरी तरह पेन-पेपर मोड में हो रही है और इसे लेकर सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त रखी गई है।
NTA के अनुसार, परीक्षा केंद्रों पर 2 लाख से अधिक सुरक्षाकर्मी, 6,600 से ज्यादा ऑब्जर्वर और सैकड़ों सिटी कोऑर्डिनेटर तैनात किए गए हैं। पहली बार प्रश्नपत्रों की सुरक्षा और ट्रांसपोर्ट के लिए वायुसेना की मदद ली गई है, जिससे 200 से अधिक उड़ानों के जरिए पेपर विभिन्न केंद्रों तक पहुंचाए गए।
हर परीक्षा केंद्र पर CCTV कैमरों से निगरानी की जा रही है और इसकी लाइव मॉनिटरिंग केंद्रीय कंट्रोल रूम से की जा रही है। इसके अलावा GPS ट्रैकिंग सिस्टम के जरिए प्रश्नपत्रों की मूवमेंट पर भी नजर रखी जा रही है।
इस बार परीक्षा का समय भी बढ़ाकर 195 मिनट कर दिया गया है। दिव्यांग (PwD/PwBD) छात्रों को अतिरिक्त समय की सुविधा दी गई है।
गौरतलब है कि पिछली परीक्षा में गड़बड़ी के आरोपों के चलते इसे रद्द करना पड़ा था, जिसकी जांच CBI कर रही है। NTA ने छात्रों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और शांत मन से परीक्षा दें।
कड़ी निगरानी और सख्त सुरक्षा के बीच यह परीक्षा अब छात्रों के भविष्य के लिए बेहद अहम मानी जा रही है।





