जामगांव (एम) में होगा राज्य स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे शुभारंभ, नवप्रवेशी बच्चों का होगा स्वागत

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए राज्य स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन 20 जुलाई को दुर्ग जिले के पाटन विकासखंड स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, जामगांव (एम) में किया जाएगा। दोपहर 12 बजे से शुरू होने वाले कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं दुर्ग जिले के प्रभारी मंत्री विजय शर्मा अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री और अन्य जनप्रतिनिधि पहली बार स्कूल में प्रवेश लेने वाले बच्चों का तिलक लगाकर और मुंह मीठा कराकर आत्मीय स्वागत करेंगे।
स्कूल शिक्षा विभाग के अनुसार, शाला प्रवेशोत्सव का उद्देश्य बच्चों में शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ाना, विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना तथा समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करना है। कार्यक्रम के माध्यम से अभिभावकों को भी बच्चों की नियमित पढ़ाई के लिए प्रेरित किया जाएगा।
समारोह में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल, पाटन विधायक एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चन्द्राकर, अहिवारा विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, भिलाई नगर विधायक देवेन्द्र यादव, साजा विधायक ईश्वर साहू, खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष राकेश पाण्डेय तथा तेलघानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष जितेन्द्र साहू भी मौजूद रहेंगे।
इसके अलावा जिला पंचायत और जनपद पंचायत के जनप्रतिनिधि, स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में अभिभावक और छात्र कार्यक्रम में शामिल होंगे। स्कूल शिक्षा विभाग ने बताया कि आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विभाग ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर नवप्रवेशी बच्चों का उत्साहवर्धन करने और शिक्षा के इस अभियान को सफल बनाने की अपील की है।




