ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सीएम हेल्पलाइन बनी दिव्यांगों का सहारा: 12 दिन में शुरू हुई प्रमनाथ मिर्रे की पेंशन, परिवार ने जताया आभार

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित सीएम हेल्पलाइन प्रदेशवासियों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान का भरोसेमंद माध्यम बनकर उभरी है। खासकर दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों और जरूरतमंद लोगों के लिए यह व्यवस्था राहत और सुशासन का प्रतीक बन रही है। हेल्पलाइन के जरिए लंबे समय से लंबित मामलों का भी समयबद्ध निराकरण किया जा रहा है।

ऐसा ही एक मामला जशपुर जिले के पत्थलगांव विकासखंड के ग्राम पंडरीपानी निवासी प्रमनाथ मिर्रे का सामने आया है। दिव्यांग होने के बावजूद उन्हें लंबे समय से दिव्यांग पेंशन का लाभ नहीं मिल पा रहा था। लगातार प्रयासों के बाद भी पेंशन स्वीकृत नहीं होने से परिवार आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहा था।

जब अन्य माध्यमों से समाधान नहीं मिला, तब प्रमनाथ मिर्रे के पुत्र प्रताप मिर्रे ने सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही संबंधित विभाग ने मामले को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की। सभी औपचारिकताएं तय समय में पूरी की गईं और महज 12 दिनों के भीतर प्रमनाथ मिर्रे की दिव्यांग पेंशन शुरू कर दी गई।

पेंशन शुरू होने के बाद प्रमनाथ मिर्रे और उनके परिवार ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तथा जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उनका कहना है कि जिस कार्य के लिए वे लंबे समय से भटक रहे थे, वह सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से कुछ ही दिनों में पूरा हो गया।

परिवार ने सीएम हेल्पलाइन को दिव्यांगों और जरूरतमंद लोगों के लिए भरोसेमंद व्यवस्था बताते हुए कहा कि इससे आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी मंच मिला है। प्रशासन द्वारा शिकायतों का त्वरित और संवेदनशील तरीके से निराकरण किया जा रहा है। यह मामला राज्य सरकार की सुशासन, जवाबदेही और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का उदाहरण माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button